जहां मचा था तांडव, पुलिस ने वहीं निकाला फ्लैग मार्च
ग्वालियर . शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देष्य से ग्वालियर जिले के विभिन्न थानों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। 2 अप्रैल 2018 को ग्वालियर-चंबल के शहरों में एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में भारत बंद के दौरान हुए दंगों की पांचवी बर्सी पर लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए सुबह से ही पुलिस जवान और अफसर तैनात किए गए थे। वहीं अन्य संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस का पहरा लगाया गया था, जिससे शहरवासी भय मुक्त रहे।
इन क्षेत्रों में रहा पुलिस का जोर
दो अप्रैल 2018 को हुए दंगों का मुख्य केन्द्र थाटीपुर, मुरार ओर गोला का मंदिर के साथ ही इंदरगंज इलाका था। ये ही इलाके संवेदनशील थे और यहां पर किसी प्रकार का तनाव ना हो इसके लिए पुलिस जवान और अफसर गलियों से लेकर मुख्य चौराहों पर तैनात रहे। सुरक्षा में चूक नहीं हो इसके लिए पुलिस अफसर लगातार राउण्ड लगाकर मॉनीटरिंग करते रहे। वहीं लश्कर इलाके में इंदरगंज व कुछ अन्य इलाकों में भी दंगा हुआ था और यहां पर भी स्थिति को काबू में करने के लिए फ्लैग मार्च निकाला और लोगों को सुरक्षा का भरौसा दिलाया।
इसी प्रकार एएसपी गजेन्द्र सिंह वर्धमान द्वारा फूलबाग से फ्लैग मार्च निकाला गया। ग्वालियर शहर में निकाले गये फ्लैग मार्च में जिला पुलिस बल के सैकड़ों अधिकारी व कर्मचारियों ने भाग लिया। ग्वालियर शहर में निकाले गये फ्लैग मार्च को पुलिस कन्ट्रोल रूम में एकत्रित कर आरआई रणजीत सिंह द्वारा ब्रीफ किया गया तद्उपरान्त फ्लैग मार्च हेतु शहर के विभिन्न थानों में भेजा गया।
पुलिस द्वारा निकाले गये इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य ग्वालियर जिले की कानून व्यवस्था बनाए रखना और असमाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने का संदेश देना और आमलोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाना था। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस द्वारा आसमाजिक एवं शरारती तत्वों को साफ शब्दों में चेतावनी दी गई कि अगर किसी के भी द्वारा माहौल खराब करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ पुलिस द्वारा कार्यवाही की जाएगी।
ग्वालियर जिले के विभिन्न थानों में निकाले गये फ्लैग मार्च में एएसपी ऋषिकेष मीणा, गजेन्द्र सिंह वर्धमान, सीएसपी मुरार विनायक शुक्ला, सीएसपी इन्दरगंज विजय भदौरिया, डीएसपी यातायात नरेष बाबू अन्नोटिया, विक्रम सिंह कनपुरिया, बीएन प्रजापति, थाना प्रभारीगण एवं पुलिस लाईन से उपलब्ध कराया गया पुलिस बल सम्मलित रहा।
