अमृतपाल का सरेंडर से इनकार

पंजाब. बीते 13 दिन से फरार चल रहे अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस ने होशियारपुर में ड्रोन से सर्च ऑपरेशन चलाया। इधर, अमृतपाल ने एक ऑडियो और इसके कुछ ही घंटे बाद एक वीडियो मैसेज जारी किया। उसने ऑडियो मैसेज में सरेंडर करने की बात से इनकार किया। अमृतपाल ने कहा कि गिरफ्तारी देने या शर्त रखने के बारे में मैंने कोई बात नहीं की है, ये सब अफवाह है। अमृतपाल ने कहा कि वो ना तो जेल जाने से डरता है और ना ही पुलिस कस्टडी के टॉर्चर से। इधर, अमेरिका में रह रहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान की बेटी सीरत कौर को खालिस्तानियों ने धमकी दी। उन्हें फोन पर अपशब्द भी कहे गए। सीरत, भगवंत मान की पहली पत्नी की बेटी हैं। वो मां और भाई दिलशान के साथ अमेरिका में रहती हैं। मान अपनी पहली पत्नी को तलाक दे चुके हैं।

उधर, तमिलनाडु में हिंदी भाषा को लेकर चल रहा विवाद थमता नहीं दिख रहा। राज्य में बिकने वाले दही के पैकेट्स पर हिंदी की जगह इसका तमिल नाम ‘तायिर’ ही लिखा जाएगा। दरअसल, फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने पैकेट पर कर्ड की जगह दही लिखने का निर्देश दिया था। राज्य के मुख्यमंत्री, दूध उत्पादक संघ और राजनीतिक पार्टियों ने इसका विरोध किया। इसके बाद फूड सेफ्टी रेगुलेटर को आदेश वापस लेना पड़ा। राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दक्षिण भारत के लोगों पर हिंदी थोपने का आरोप लगाया। तमिलनाडु के BJP अध्यक्ष अन्नामलाई ने भी FSSAI के आदेश को वापस लेने की मांग की थी। अन्नामलाई ने कहा कि FSSAI का आदेश क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देने के हमारे माननीय PM नरेंद्र मोदी की नीति के अनुरूप नहीं है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *