गुजरात के वडोदरा में शोभायात्रा पर पथराव, महाराष्ट्र में मंदिर के बाहर आगजनी

छत्रपती संभाजीनगर. गुजरात और महाराष्ट्र में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। गुजरात के वडोदरा में गुरुवार को शोभायात्रा के दौरान पथराव किया गया। वहीं, महाराष्ट्र के संभाजीनगर में बुधवार देर रात राम मंदिर के बाहर कुछ लोगों ने आगजनी की। इन लोगों ने पुलिस की गाड़ियों में आग भी लगा दी।

गुजरात में शोभायात्रा पर पथराव
वडोदरा में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से रामनवमी पर निकाली गई शोभायात्रा पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। दंगाइयों ने सड़क पर खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके की दुकानें बंद हो गईं, हालांकि पुलिस ने स्थिति पर काबू पा लिया।

महाराष्ट्र में पुलिस वाहन जलाए
इधर, महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के किराडपुरा इलाके में बुधवार रात दो गुटों के बीच झड़प हो गई। लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव किया और कई वाहनों में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने पथराव किया। हमले में 2 पुलिसकर्मियों समेत पांच से छह लोग घायल हो गए। हिंसा रात 11.30 बजे शुरू हुई और तड़के 3.30 बजे तक जारी रही। संभाजीनगर के सांसद इम्तियाज जलील ने कहा कि यहां झड़प शराबियों के दो गुटों में हुई। इन्होंने ही पत्थरबाजी की। राम मंदिर को कोई नुकसान नहीं हुआ। मंदिर में कोई नहीं गया। इसलिए नागरिकों को अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए।

जमकर हंगामा हुआ, धर्मगुरुओं की बात भी नहीं मानी गई
संभाजीनगर में भीड़ को काबू करने के लिए कुछ धर्मगुरुओं को बुलाया गया। लेकिन भीड़ उनकी बात मानने को तैयार नहीं थी। कुछ ही देर में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों समेत भारी फोर्स मौके पर पहुंच गई। दंगाइयों ने उन पर भी पथराव किया और कार के शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने लाठी चार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। आंसू गैस के गोले भी छोड़े। दंगाइयों ने दमकल विभाग के वाहनों पर पानी भी फेंका।

स्थानीय लोग बोले- पुलिस ने दो-तीन बार हवा में फायरिंग की
स्थानीय लोगों के मुताबिक, भीड़ काबू से बाहर होते देख पुलिस ने दो-तीन बार हवा में फायरिंग की। पुलिस ने आजाद चौक से सिटी चौक तक सभी रास्तों को जाम कर दिया। लोगों ने बताया कि ज्यादातर नागरिकों के घरों पर पथराव किया गया। नागरिक वहां मौजूद लोगों से अपने घरों से बाहर निकलने की अपील कर रहे थे। सुबह साढ़े तीन बजे से भीड़ को काबू में करने की कोशिशें शुरू हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *