दिल्ली में भारी बारिश, खराब मौसम की वजह से जयपुर डायवर्ट की गई कई उड़ानें
नई दिल्ली. बुधवार की शाम दिल्लीएनसीआर के कई इलाकों में अचानक मौसम बदल गया और आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई। गर्मी और उमस से परेशान दिल्ली के लोगों को तो राहत हुई, लेकिन कई लोगों को इसकी वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट सूत्रों के हवाले से बताया कि खराब मौसम की वजह से 9 फ्लाइट्स को दिल्ली के बजाए जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हो सकती है। आशंका जा रही है कि हवाई यातायात पर और भी असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने दी थी चेतावनी
मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट किया था कि 29 मार्च की शाम को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हिमालयी क्षेत्र में पहुंचेगा। इसकी वजह से उत्तर पश्चिम भारत के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की आशंका सही साबित हुई और दिल्ली-एनसीआर के तमाम हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश का असर दिखा। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले तीन दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और जमकर बारिश हो सकती है।
तीन दिनों तक बारिश की आशंका
राजधानी दिल्ली में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने का अनुमान है और अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, जिससे अगले दिन यानी गुरुवार 30 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 31 मार्च को तुलनात्मक रूप से भारी बारिश और गरज के साथ गतिविधियां हो सकती हैं।
