पड़ाव में हुई मंगलसूत्र की वारदात, आरोपी सिंधिया महल में सफाई कर्मचारी था
ग्वालियर. पड़ाव स्थित न्यू साकेत नगर में हुई मंगलसूत्र की वारदात को पुलिस ने 24 घंटे से पहले ही खुलासा कर दिया है। CCTV फुटेज मिलने के बाद पुलिस ने लुटेरे को पकड़ लिया है। आरोपी 9 दिन पहले तक सिंधिया महल में अस्थायी सफाई कर्मचारी था, लेकिन उसकी आदतों के चलते उसे निकाल दिया गया था। उस पर 3 हजार रुपए का कर्ज था जिसे पटाने के लिए उसने दरवाजे पर बैठ महिला पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र लूटा था। पुलिस ने मंगलसूत्र लुटेरे के दोस्त व व्यापारी से बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का अपराधिक रिकॉर्ड भी पुलिस खंगाल रही है।
सिंधिया महल में ढाई साल से काम करता था
शहर के न्यू साकेत नगर में महिला से लूट करने वाले बदमाश की पहचान पूछताछ में 25 वर्षीय सूरज बाथम पुत्र पंचम बाथम निवासी रवि नगर के रूप में हुई है। लुटेरे ने पुलिस को बताया है कि वह सिंधिया महल में ढाई साल से 7 हजार रुपए प्रतिमाह के वेतन पर साफ सफाई का काम करता था। उसकी आदतों व लापरवाही के चलते 20 मार्च को उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। पकड़े गए लुटेरे ने पुलिस को बताया कि उस पर 3 हजार रुपए का कर्जा था और कई सालों से लगातार व्यापारी पैसे वापस करने का दबाव बना रहे थे। उसी कर्ज को पटाने के लिए उसने घर के बाहर बैठी महिला का मंगलसूत्र लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। मंगलसूत्र लूटने के बाद उसने लूटा गया मंगलसूत्र किला गेट पर रहने वाले अपने दोस्त व व्यापारी अंकित गोयल को 3 हजार रुपये में गिरवी रख दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी को भी लूटे गए मंगलसूत्र के साथ उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना
पड़ाव थाना प्रभारी प्रशांत यादव का कहना है कि बीते रोज घर के बाहर बैठी महिला के गले पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र लूटने वाले आरोपी को उसके एक अन्य साथी सहित गिरफ्तार कर लिया है पकड़े गए आरोपियों से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया है।
