MP विधानसभा में गूंजा महू का मुद्दा, नरोत्तम बोले पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई
भोपाल. मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के 9वें दिन की कार्यवाही शुरू होते ही महू में आदिवासी युवती की मौत का मुद्दा गूंजा। प्रश्नकाल के बाद कांग्रेस ने सदन में इस मुद्दे पर एक बार फिर बहस छेड़ दी। संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जवाब देते हुए कहा- शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि युवती की मौत करंट से हुई है। पुलिस ने भीड़ से बचने के लिए फायरिंग की। इसमें युवक की जान चली गई। मृतक के परिवार को 4 लाख रुपए दिए गए हैं।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा, पुलिस को कमर के नीचे गोली चलाने के निर्देश होते हैं, उसके सीने पर गोली मारी गई। पूर्व मंत्री और महेश्वर से विधायक विजयलक्ष्मी साधो बोलीं- एफआईआर में 3 घंटे का गैप है। लाठीचार्ज कर सकते थे, सीधे गोली मार दी। गहमागहमी और हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक सदन के गर्भगृह में पहुंच गए। नारेबाजी करते हुए वॉकआउट कर दिया।
बता दें, इंदौर के महू में आदिवासी युवती की मौत के बाद बवाल हो गया। लोगों ने पुलिस चौकी पर पथराव किया। पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ भी कर दी। इस पूरे बवाल में बडगोंदा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर समेत 12 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। आईजी आर. गुप्ता कहा- पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में गोली चलाई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। मामला महू के बडगोंदा थानाक्षेत्र का है।

