युवती की मौत पर बवाल, पुलिस चौकी पर पथराव
इंदौर. महू में बुधवार रात एक आदिवासी युवती की मौत के बाद बवाल हो गया। लोगों ने पुलिस चौकी पर पथराव किया। पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ भी कर दी। जिसके बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। लाठीचार्ज किया। साथ ही करीब 25 हवाई फायर भी किए। इस पूरे बवाल में बडगोंदा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर समेत 6 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
चौकी के सामने युवती का शव रखकर जाम लगाया
मामला महू के बडगोंदा थाना क्षेत्र का है। युवती की मौत के बाद परिजनों ने बुधवार शाम को डोंगरगांव चौकी के सामने युवती का शव रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन चला। इस दौरान गुस्साए लोगों ने पुलिस चौकी पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिए। वहां खड़े पुलिस के वाहनों में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए उन पर लाठीचार्ज कर दिया। 25 से ज्यादा आंसू गैस के गोले भी दागे।
पुलिस ने भी सामने से फायरिंग की
प्रदर्शन करने वालों को पुलिस की टीम करीब एक किमी तक खदेड़ कर वापस पुलिस चौकी पर आ गई थी। इसके बाद अब प्रदर्शन करने वाले पुलिस पर गोफन से हमला करने लगे। खबर है कि इसके बाद पुलिस ने भी सामने से फायरिंग की। करीब एक घंटे तक मचे बवाल के बाद फिलहाल हालात काबू में है। परिजन युवती का शव को लेकर चले गए हैं।
ये है पूरा मामला
धार जिले के धामनोद क्षेत्र में रहने वाली युवती की बडगोंदा थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। परिजनों का कहना है कि युवती की मौत एक दबंग युवक की प्रताड़ना के कारण हुई है। परिजनों ने पुलिस पर मामला दबाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही है।

