उमेश पाल हत्याकांड के एक आरोपी का एनकाउंटर, अतीक के बेटे का ड्राइवर ढेर, वही हमलावरों को गाड़ी में ले गया था
प्रयागराज. प्रयागराज पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड में शामिल एक बदमाश का एनकाउंटर किया है। बदमाश का नाम अरबाज है। मुठभेड़ सोमवार दोपहर धूमनगंज में नेहरू पार्क के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद से अरबाज नेहरू पार्क इलाके में छिपा था। उसने पुलिस पर गोली चलाई। जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। उसके सीने और पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल अरबाज को स्वरूपरानी नेहरू (SRN) अस्पताल भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
हमला करने वालों में अरबाज शामिल था
उमेश पाल पर हमला करने के बाद अरबाज का चेहरा CCTV फुटेज में आया था। पता चला था कि पुरामुफ्ती के सल्लाहपुर निवासी अरबाज नाम का शातिर अपराधी कार चला रहा था। उसने उमेश पर हमला भी किया था। अरबाज अतीक अहमद के बेटे असद का ड्राइवर था। हमलावरों की क्रेटा गाड़ी पुलिस ने बरामद की है। अरबाज को बाहुबली अतीक अहमद का बेहद खास माना जाता था। उसका पिता भी अतीक अहमद की गाड़ी चलाता था।
अतीक की पत्नी और करीबी से पूछताछ जारी
अतीक अहमद की पत्नी और बसपा नेता शाइस्ता परवीन, उनके बेटे एजम, अबान, अली, उमर और दोस्त रेहान से पुलिस पूछताछ कर रही है। जेलों में बंद अतीक के गुर्गों से भी यूपी STF पूछताछ कर रही है। यही नहीं, अहमदाबाद जेल में बंद अतीक से मिलने वालों की भी डिटेल खंगाली जा रही है। इस काम में जेल अधीक्षक को भी लगाया गया है। पुलिस को इस बात की भी आशंका है कि शूटर नेपाल न भाग जाएं। यही कारण है कि नेपाल के सीमावर्ती जिलों को अलर्ट मोड में डाल दिया गया है।
