जेल से जमानत पर छूटा मेवाती गैंग का बदमाश फजल, उड़ीसा पुलिस पकड़कर ले गई
ग्वालियर . ग्वालियर में एटीएम काटने से पहले ही पकड़ी गई मेवाती गैंग के बदमाश को जमानत मिल गई है। उसकी तलाश में उड़ीसा पुलिस भी ग्वालियर में घूम रही थी। जैसे ही वह जेल से रिहा हुआ, उसे उड़ीसा पुलिस ने दबोच लिया। आरोपित को पुलिस अपने साथ उड़ीसा लेकर गई है। वहां उससे पूछताछ की जाएगी, क्याेंकि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दो एटीएम काटे थे और 60 लाख रुपये लूटे थे।
बदमाश फजल खान के बाहर निकलते ही उड़ीसा पुलिस की टीम ने दबोचा
ग्वालियर पुलिस ने महाराजपुरा इलाके में छन्नू ढाबे पर रुके मेवाती गैंग के तीन बदमाशों को घेराबंदी कर पकड़ा था। इन बदमाशों के पास से 40 हजार रुपये नगद, गैस कटर, पिस्टल व अन्य सामान मिला था। बदमाशों ने ग्वालियर पुलिस पर गोलियां भी चलाई थी। इसके चलते इन पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज कर जेल भेजा गया था। जब यह बदमाश जेल चले गए थे तब पुलिस को पता लगा था कि उड़ीसा में इन बदमाशों ने दो एटीएम काटकर 60 लाख रुपये लूटे थे। उड़ीसा में वारदात कर ग्वालियर आए थे और ग्वालियर में भी वारदात करने की प्लानिंग कर रहे थे। तीन गाड़ियों से करीब 10 बदमाश उड़ीसा गए थे। जो बदमाश ग्वालियर में पकड़े गए थे, उन्हें एक लाख रुपये हिस्से में मिले थे। इसी बीच एक बदमाश फजल खान को कोर्ट से जमानत मिल गई। वह जैसे ही जेल से बाहर निकला तो उसे उड़ीसा पुलिस की टीम ने दबोच लिया। अब उड़ीसा में एटीएम काटने की दो वारदातों के बारे में उससे पूछताछ होगी।
छत्तीसगढ़ पुलिस के सिपाही की कार किराये पर लेकर की थी वारदात, सरगना तक नहीं पहुंची पुलिस
इन लोगों के पास जो क्रेटा कार बरामद हुई थी, वह छत्तीसगढ़ पुलिस के सिपाही की निकली। इनके साथी राहुल सिंह ने किराये पर ली थी। फिर मेवात क्षेत्र के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर तक कार पहुंचाई। इसके बाद यह लोग कार लेकर मेवात से निकले। फिर उड़ीसा से वारदात कर ग्वालियर आ गए। इनकी गाड़ी में हरियाणा व अन्य राज्यों की नंबर प्लेट भी बरामद हुई थीं।
