दो दिवसीय नि:शुल्क कृत्रिम पैर चिन्हांकन शिविर में 246 नि:शक्तजनों का हुआ चिन्हांकन
ग्वालियर 26 फरवरी ग्वालियर-चंबल संभाग के 246 ऐसे नि:शक्तजन जिनके पैर कट गए थे। उन्हें अब वजन में हलके और उच्च गुणवत्ता वाले कृत्रिम पैर लगाए जायेंगे। यह कृत्रिम पैर नि:शक्तजनों के लिये बड़ा सहारा होंगे। संभागीय आयुक्त दीपक सिंह की पहल पर ग्वालियर के प्रेस्टीज कॉलेज में दो दिवसीय नि:शुल्क कृत्रिम पैर चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। इस 2 दिवसीय शिविर में ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों से आए कुल 246 नि:शक्तजनों का चिन्हांकन कर उनका माप लिया गया।
रत्नानिधि चैरिटेबल ट्रस्ट मुम्बई के सौजन्य और रोटरी क्लब ऑफ इंदौर अपडाउन, चौईथराम स्कूल इंदौर, रोटरी क्लब ऑफ प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एण्ड रिसर्च और विजयंत स्काउट ग्रुप इंदौर के सहयोग से आयोजित शिविर में जिला प्रशासन एवं प्रेस्टीज कॉलेज के साथ ही चिकित्सकों द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।
चिन्हांकन शिविर में जिन नि:शक्तजनों का कृत्रिम पैर के लिये परीक्षण और माप लेने का कार्य किया गया है उन सबको 31 मार्च और 01 अप्रैल को पुन: ग्वालियर के प्रेस्टीज कॉलेज में आयोजित होने वाले कैम्प में कृत्रिम पैर लगाने का कार्य किया जायेगा। शिविर में संभाग के ग्वालियर जिले से 108, अशोकनगर से 12, दतिया से 16, शिवपुरी से 27, गुना से 9 तथा चंबल संभाग के भिंड जिले से 23, मुरैना से 20 और श्योपुर से 31 नि:शक्तजनों का परीक्षण कर उन्हें कृत्रिम पैर लगाने हेतु परीक्षण एवं माप लिया गया। इन सभी चिन्हित नि:शक्तजनों को आगामी शिविर में कृत्रिम पैर लगाने का कार्य किया जायेगा।
