पुरातत्व विशेषज्ञ ककनमठ, बटेश्वर, मितावली और पड़ावली को देखकर हुए हैरान

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय के प्राचीन भारतीय इतिहास,संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के तत्वाधान में आयोजित मध्य प्रदेश इतिहास परिषद के 3 दिवसीय 40वें अधिवेशन के अंतिम दिन विभिन्न संस्थानों से आए हुए गणमान्य आचार्यों शोधार्थियों और छात्रों की संयुक्त टीम ने बटेश्वर, पढावली, मितावली एवं सुहानियाँ के ककनमठ जैसे ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया और मुरैना क्षेत्र में गुर्जर प्रतिहार और कच्छपघातों राजवंशों द्वारा निर्मित ऐतिहासिक स्थलों की भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के स्थानीय प्रमुख शम्भूनाथ यादव ने सभी को जानकारी दीl

विशेषज्ञ दल ने बटेश्वर में मन्दिरों के पुनर्निर्माण और उनके स्वरूप, स्थानीय विशेषता जैसे मुख्य द्वार पर गरूड का निरूपण, स्मार्त- शिवलिंग इत्यादि के बारे में चर्चा की, साथ ही साईट पर चल रही मन्दिर उत्खनन की प्रक्रिया को भी समझा।

इसी प्रकार पढावली की विशेषता की भी जानकारी ली एवं मण्डपों के अन्दरी भाग में विशेष अलंकृत कलाकृतियों के महत्व को भी जाना।इसी प्रकार मितावली के चौसठ योगिनी मन्दिर का भी भ्रमण किया । इसकी ऐतिहासिकता,मन्दिर के वृत्ताकार होने के कारण के बारे में जानकारी ली,तथा विभिन्न कक्षों के प्रयोजन का कारण भी जाना।विशेषज्ञ दल ने ककनमठ मन्दिर का भी अवलोकन किया,वे उसकी विशालता से अभिभूत हुए बिना न रह सके और कच्छपघात मन्दिर की स्थापत्य शैली की जमकर प्रशंसा की।विशेषतौर पर मन्दिर परिसर की मूर्तिकला की सूक्ष्मता पर विशेष गौर किया।
इस अवसर पर विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि डॉ.नवीन गिडियन, डॉ.बी के श्रीवास्तव, डॉ.सुरेन्द्र कुमार यादव, डॉ.मोहन लाल चढार, डॉ.कुमकुम माथुर, डॉ. मीना श्रीवास्तव, डॉ. जरीना जॉन चौधरी, डॉ. पीएम खोबरागड़े, डॉ.आकाश गैडाम तथा शोधार्थियों में राहुल कुमार, पूर्णिमा यादव, पूनम, वैशाली गुर्जर छात्रों में सौरभ राजपूत, सामीन, लोकेश, योगेश, चाँदनी, साक्षी, तमन्ना भी मौजूद रहे।
