MP भाजपा के कार्यक्रम में राष्ट्रगीत बीच में रोकने पर विवाद

भोपाल. आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को देखते हुए भोपाल भाजपा कार्यालय में रविवार को बूथ विस्तारक योजना की बैठक हुई। बैठक में उस वक्त अजीब स्थिति बन गई जब सही तरीके से राष्ट्रगीत न गाने पर पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने उसे रुकवा दिया। इसके बाद दोबारा वंदे मातरम् का गायन हुआ। कांग्रेस ने इसे राष्ट्रगीत का अपमान बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं बैठक के बाद जब पार्टी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से प्रदेश में विकास यात्राओं के हो रहे विरोध को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यदि कहीं ऐसा हुआ है तो वो भी हमारे लिए संजीवनी है। बैठक के पहले वंदे मातरम् गायन शुरू हुआ। सही तरीके से न गाने पर बीजेपी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने पदाधिकारियों को बीच में ही टोकते हुए रोक दिया। इसके बाद दोबारा राष्ट्रगीत का गायन किया गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद बैठक में सन्नाटा पसर गया।

कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग
कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अब्बास हफीज ने कहा- जिस तरीके से भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम का अपमान किया है वो निंदनीय है। मंच पर जो भी मौजूद थे उन पर कड़ी कार्रवाई होना चाहिए। प्रशासन बिना किसी दबाव के इन नेताओं पर कार्रवाई करे।

BJP की बैठक में राष्ट्रगीत बीच में रोकने पर कांग्रेस का ट्वीट
राष्ट्रगीत को बीच में रुकवाए जाने को लेकर कांग्रेस भी भाजपा पर हमलावर हो गई। पार्टी के मीडिया एडवाइजर पीयूष बबेले ने बैठक का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने इसे देशद्रोही कृत्य बताते हुए पूछा कि क्या इस कृत्य को करने वालों पर रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *