चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की कार दुर्घटनाग्रस्त, 200 मीटर घिसटती चली गई गाड़ी
भोपाल. MP के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग की कार सागर-मालथौन के बीच दुघर्टनाग्रस्त हो गई। इसमें वह बाल-बाल बच गए। विश्वास सारंग टीकमगढ़ से भोपाल आ रहे थे। वे वहां आयोजित राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। शनिवार देर रात हुए इस हादसे के समय मंत्री सारंग का परिवार भी उनके साथ था। विश्वास सारंग ने बताया कि वे टीकमगढ़ में विकास यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से वापस भोपाल आ रहे थे। मालथौन के आगे गाड़ी अचानक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे गाड़ी का एक्सल और रिम टूट गया और वो करीब दो सौ मीटर तक घिसटती चली गई। घटना में उन्हें मामूली चोट आई है। सुबह 5 बजे क्रेन की मदद से गाड़ी को थाने पहुंचाया गया।
डायल 100 को बचाने के चक्कर में ट्रक पलटा
जानकारी के मुताबिक देर रात बांदरी थाना क्षेत्र के मेहर गांव में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के वाहन का टायर फटने के बाद वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद उन्हें दूसरे वाहन से रवाना किया गया। उनके वाहन की सुरक्षा के लिए डायल 100 वाहन पीछे लगा हुआ था। उसी दौरान झांसी की तरफ से एक ट्रक आया और डायल 100 को बचाने के चक्कर में सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हादसे में ट्रक ड्राइवर सुरेंद्र सिंह घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। वहीं ट्रक की टक्कर से डायल 100 भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बेलेंस रॉड टूटने से हुआ मंत्री की गाड़ी का एक्सीडेंट
बांदरी थाना प्रभारी रावेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मंत्री के वाहन की गाड़ी की बेलेंस रॉड टूट गई थी। जिसकी वजह से एक तरफ का पहिया झुक गया। जिससे गाड़ी डिवाइडर से टकराकर घसीटते हुए आगे जाकर रुक गई थी। इसके अलावा वाहन की सुरक्षा में लगे डायल 100 को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इसकी वजह से ट्रक पलट गया।
