MP में सड़क हादसा, 14 की मौत, 40 घायल

सीधी. मध्यप्रदेश के सीधी में चुरहट-रीवा नेशनल हाईवे पर बड़खरा गांव में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 14 यात्रियों की मौत हो गई। 50 घायल हैं। इनमें 10 की हालत गंभीर है। मृतकों में से 8 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि बाकी की मौत अस्पताल में हुई। हादसा ट्रक का टायर फटने से हुआ। ट्रक ने तीन खड़ी बसों को पीछे से टक्कर मार दी। अभी तक सात मृतकों की ही शिनाख्त हो सकी है। ये बसें सतना में हुए कोल समाज के महाकुंभ में शामिल होने के बाद सीधी लौट रही थीं। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और सीएम शिवराज सिंह भी शामिल हुए थे। सीएम शिवराज सीधी में थे। वे सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए।

ट्रक सीमेंट से भरा था, टक्कर के बाद पलट गया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात 9 बजे मोहनिया टनल से कुछ दूरी पर यह हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने तीन बसों को टक्कर मार दी। दो बसें 10 फीट गहरी खाई में गिर गईं। वहीं, एक बस हाईवे पर ही पलट गई। ट्रक सीमेंट से भरा था, टक्कर के बाद पलट गया।

मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपए और साधारण घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री शिवराज रात में ही घटना स्थल पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया। उनके साथ प्रदेश भाजपाध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहे। इससे पहले सीधी कलेक्टर और एसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। सीधी सांसद रीति पाठक भी मौके पर पहुंचीं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता कमलनाथ, अजय सिंह ने भी हादसे पर दुख जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *