ग्वालियर में दुकानदार की हत्या, हथौड़ा मारकर व्यापारी की हत्या
ग्वालियर. एक दुकानदार की किसी ने मुंह और सिर पर बार-बार हथौड़ा मारकर हत्या कर दी है। व्यापारी का शव उसकी ही दुकान में पड़ा मिला है। घटना बहोड़ापुर के ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग साइड नंबर छह की है। घटना का पता उस समय लगा जब रात को व्यापारी दुकान से घर नहीं पहुंचा। बार-बार कॉल करने पर भी कॉल रिसीव नहीं हुआ तो परिजन दुकान पहुंचे। दुकान में हर तरफ खून बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट के जरिए स्पॉट की गहन जांच करवाई है। पुलिस पड़ताल कर रही है कि हत्या के पीछे के क्या कारण हैं। परिजन का कहना है कि मृतक एक दिन पहले 1 लाख रुपए लेकर घर से निकला था वह भी गायब हैं।
परिजन अंदर पहुंचे तो देखा कि सूरज जमीन पर पड़ा
शहर के नाका चन्द्रवदनी निवासी 35 वर्षीय सूरज पुत्र खच्चूराम जाटव फेबीक्रेशन और स्टील के वॉटर टैंक बनाने का काम करता था। बहोड़ापुर के ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग नंबर-छह में उसकी खुद की दुकान है। रोज की तरह सोमवार को भी वह दुकान पर आया था। पर सोमवार रात को वह वापस नहीं आया जब वह घर नहीं पहुचा तो मंगलवार सुबह परिजन उसे तलाशते हुए ट्रांसपोर्ट नगर पहुंच गए। जैसे ही परिजन दुकान के अंदर पहुंचे तो देखा कि सूरज जमीन पर पड़ा हुआ था और चारो तरफ खून बिखरा पड़ा था। सूरज की हालत देखकर परिजन ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। युवक की हत्या का पता चलते ही ASP डॉ. ऋषिकेश मीणा, CSP संदीप मालवीय, TI डॉ. संतोष सिंह यादव, डॉग स्क्वॉड के साथ ही FSL(फोरेंसिक साइंस लैब) से टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई।
CCTV कैमरों में हमलावर की तलाश
आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस ने आस-पास लगे CCTV कैमरे खंगालना शुरू कर दिया है। जिससे हमलावर की पहचान हो सके। पुलिस को आशंका है कि हत्या करने वाला कहीं तो CCTV कैमरे में कैच हुआ होगा। जिससे पुलिस को कोई सुराग मिल सके।
