12वीं की छात्रा पर गोली चलाने वाले युवक की मौत, स्कूल में घुसकर फायर किया

गुना. एक युवक ने पहले स्कूल में घुसकर 12वीं की छात्रा पर गोली चला दी और फिर रात करीब 9 बजे वह रेलवे पटरी के पास पड़ा मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

स्कूल के अंदर घुसकर लड़की पर गोली चला दी
मामला गुना में रविवार दोपहर का है। जहां नजूल कॉलोनी स्थित डीएनडी कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं के स्टूडेंट्स की फेयरवेल पार्टी चल रही थी। तभी राहुल कुशवाह (20) नाम का युवक स्कूल आया। उसने 12वीं की छात्रा वर्षा सेन को बाहर बुलाया। वह लड़की पर बात करने का दबाव बना रहा था, बात नहीं मानने पर गुस्साए राहुल ने स्कूल के अंदर घुसकर कट्टे से लड़की पर गोली चला दी। ये घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। अच्छी बात ये रही कि गोली छात्रा के पास से गुजर गई। हाथ में छर्रे लगने से छात्रा घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
CSP श्वेता गुप्ता ने बताया कि रात करीब 9 बजे छात्रा पर गोली चलाने वाला आरोपी राहुल कुशवाह शहर से करीब 10 से 11 किलोमीटर दूर महुगढ़ा में रेलवे पटरी के पास पड़ा मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसकी मौत कैसे हुई। CSP श्वेता गुप्ता ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा की उसकी मौत कैसे हुई है।

बात नहीं करने पर दी धमकी
लड़की ने कहा कि राहुल आए दिन परेशान करता है। वह बात करने की जिद करता है। एक-दो बार मैंने उससे बात कर ली। इस बात का घर पर पता चला, तो बात करना बंद कर दिया। फिर भी वह बात करने की जिद करता है। राहुल ने धमकी दी कि बात नहीं करोगी तो या तेरे भाइयों को मार दूंगा, या फिर तुझे मार डालूंगा।

घटना का सीसीटीवी आया सामने
इस घटना का CCTV भी सामने आया है। वीडियो में लड़का पहले काफी देर तक स्कूल के बाहर खड़ा दिख रहा है। इसके बाद हाथ में कट्टा लेकर स्कूल में अंदर जाते दिख रहा है। लड़की स्कूल के मेन गेट तक भी आती दिखाई दे रही है। इसके बाद वह अंदर भागती है। राहुल भी उसके पीछे ही अंदर जाता दिखाई देता है। इसके बाद फायर की आवाज आती है। इसके बाद लड़का स्कूल से निकलकर भाग गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *