MP में धमाकेदार एंट्री की तैयारी, सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी

भोपाल. पिछले 9 सालों के भीतर दिल्ली और पंजाब में बहुमत से सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी अब राष्ट्रीय पार्टी बनकर सामने आई है। 9 माह बाद होने वाले मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भी उतरने का ऐलान कर दिया है। केजरीवाल की पार्टी मध्यप्रदेश में पूरे दमखम के साथ सभी सीटों पर चुनाव लड़ने वाली है।
दिल्ली के बाद पंजाब में सरकार बनाने वाली केजरीवाल की पार्टी ने हाल ही में गुजरात चुनाव में भी टेंशन बढ़ा दी थी, हालांकि गुजरात में भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की है। अब आम आदमी पार्टी ने मध्यप्रदेश में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े करने का ऐलान किया है। इससे मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा और प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को टेंशन हो सकता है।

CM पद के उम्मीदवार कौन जनता को यह जानने का हक
आम आदमी पार्टी के संगठन महासचिव डा. संदीप पाठक ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह ऐलान किया है। डॉ. पाठक ने कहा है कि पार्टी उधार लेकर लोगों को बांटने के पक्ष में नहीं है, लेकिन सरकारी योजनाओं का लाभ देने में कोई नुकसान नहीं है। मध्यप्रदेश में यह प्रयोग होगा। दिल्ली में निशुल्क शिक्षा और पुलिस वालों के लिए इलाज की योजना लागू है। यही प्रयोग अब मध्यप्रदेश में भी होगा। आम आदमी पार्टी के नेता डा. पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी मध्यप्रेदश में मेंबरशिप ड्राइव शुरू करने वाली है। यह मेंबरशिप फोन के जरिए मिस्ड कॉल के जरिए होगी। मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के सवाल पर डा. पाठक ने कहा कि जनता को यह जानने का हक है कि उसका मुख्यमंत्री कौन होगा। उन्होंने कहा कि मेरा व्यक्तगत मत है कि चुनाव में मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार होना चाहिए। डा. पाठक ने मध्यप्रदेश में आम आदमी पार्टी (आप) की कार्यकारिणी भंग करने के सवाल पर कहा कि एक डेढ़ माह में कार्यकारिणी का गठन हो जाएगा।

मध्यप्रदेश में सक्रिय हुई आप
आम आदमी पार्टी की केंद्रीय टीम ने इन दिनों मध्यप्रदेश में डेरा डाल लिया है। मानस भवन में होने वाले कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर चल रही है। यहां सभी जिलों से कार्यकर्ता एकत्र होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *