कूनो नेशनल पार्क में 26 जनवरी को छोड़ें 12 चीते
श्योपुर. नामीबिया से 8 चीतों को लाने और उन्हें सफलतापूर्वक कूनों नेशनल पार्क में बसाने के बाद अब दक्षिण अफ्रीका से चीता लाने की तारीख भी तय हो गई है। दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों को लाकर कूनों नेशनल पार्क में 26 जनवरी को छोड़ा जाएगा। मप्र सरकार ने सोशल मीडिया के माध्यम से इन चीतों को 26 जनवरी को कूनो नेशनल पार्क में छोड़े जाने की जानकारी दी है। यह चीते दक्षिण अफ्रीका में पहले से ही क्वारेंटाइन है।
दक्षिण अफ्रीका के जोहांसबर्ग से 7 नर और 5 मादा चीतों को लेकर प्लेन 25 जनवरी को दिल्ली से ग्वालियर के लिए उड़ान भरेगा। ग्वालियर से यह प्लेन से हेलीकॉप्टर द्वारा कूनो नेशनल पार्क में ले जाए जाएंगे। चीतों को लाने के लिए केंद्रीय वन महानिदेशक चंद्रप्रकाश गोयल, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के सदस्य सचिव एसपी यादव सहित केंद्रीय वन मंत्रालय के अन्य अधिकारी 20 से 21 जनवरी को दिल्ली से दक्षिण अफ्रीका रवाना होंगे। दक्षिण अफ्रीका से आने वाले इन नए मेहमानों के लिए कूनो नेशनल पार्क पूरी तरह से तैयार है।

