Randeep Hooda और Lalit Modi अस्पताल में भर्ती
मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा को इलाज के लिए मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, रणदीप हुड्डा घुड़सवारी के दौरान गिर गए थे और इसके बाद बेहोश हो गए। बताया जा रहा है कि अभिनेता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अस्पताल की ओर से अभिनेता का हेल्थ अपडेट जारी किया जाएगा। अभिनेता को हाल ही में नेटफ्लिक्स थ्रिलर सीरीज ‘कैट’ में देखा गया था। रणदीप को घुड़सवारी पसंद है। उनका अपना अस्तबल भी है। उन्होंने पोलो और शो जंपिंग सहित पेशेवर घुड़सवारी खेलों में भी भाग लिया है। उन्होंने हाल ही में अपनी अपकमिंग बायोपिक स्वतंत्र वीर सावरकर की तैयारी के लिए वजन भी कम किया था। डॉक्टरों ने रणदीप को फिलहाल पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। गिरने से उनके घुटने और पैर पर चोट पहुंची है। उनके बाएं पैर की सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है।
ललित मोदी को दूसरी बार हुआ कोरोना
वहीं लंदन से खबर है कि आईपीएल के पूर्व कमिश्नर और वित्तीय अनियमितता मामले में फरार चल रहे ललित मोदी को लंदन के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। ललित मोदी अभी मैक्सिको में रह रहे थे। वहां तबीयत बिगड़ने के बाद एयरलिफ्ट कर लंदन लाया गया। बताया गया है कि ललित मोदी को दो हफ्तों में दूसरी बार कोरोना संक्रमण हो गया है। उन्हें निमोनिया भी हो गया है। खुद ललित मोदी ने अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। ललित मोदी ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं और मुश्किल समय में मदद करने के लिए एयरलाइन की तारीफ भी की है।

