मल्टीलेवल पार्किंग एक माह निश्शुल्क, सड़क पर गाड़ी करने पर शुल्क-जुर्माना दोंनो
ग्वालियर . ट्रैफिक को कैसे सुधारा जाए मसले पर एक साल बाद फिर प्रशासन और पुलिस अफसरों ने पुलिस कंट्रोल रूम में एक साथ बैठकर मंथन किया। इसमें बात आई जिले में 7 लाख 85 हजार गाड़ियां चल रही हैं। इनमें 16 हजार तो सवारी गाड़ियां हैं। अभी मेला लगा है। उसमें सबसे ज्यादा गाड़ियां बिक रही हैं। वाहनों के हिसाब से सड़कें छोटी पड़ रही हैं तो आने वाले समय में रास्ते और ठसाठस होंगे। इसलिए तय हुआ कि यातायात को सुधारने के लिए शार्ट टर्म, मीडियम और लॉन्ग टर्म प्लानिंग करना होगी। एडीजी श्रीनिवास वर्मा ने कहा शहर की पहचान उसके ट्रैफिक से होती है। सलीके से ट्रैफिक चलाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर और इंर्फोसमेंट सही होना चाहिए। सड़क, पुल, पार्किंग बनाते समय सही प्लानिंग जरूरी है। इन खामियों से रोड एक्सीडेंट होते हैं। लोगों की जान जाती है।
एक माह फ्री करो पार्किंग
बाजारों पार्किंग के मसले पर तय हुआ नगरनिगम ने पार्किंग तो बनाई है। लेकिन उनमें गाड़ियां नहीं पहुंच रही हैं। नया बाजार की पार्किंग का रैंप खराब है इसलिए उसका इस्तेमाल नहीं होता। नगर निगम इस पार्किंग का रैंप जल्दी सुधरवाए। पार्किंग शुल्क को एक महीने के लिए नि:शुल्क कर वहां वाहन खड़े करवाएं जाएं।
सड़क पर वाहन पार्क किया तो जुर्माने के साथ भरना होगा पार्किंग शुल्क
सड़क पर वाहन खड़ा पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामी से न केवल जुर्माना बल्कि पार्किंग शुल्क भी वसूला जाएगा। शहर के इंदरगंज व राजपायगा इलाके में दो मल्टीलेवल पार्किंग व्यवस्था एक माह के लिए शुरू की गई है। इस पार्किंग में वाहन खड़े करने पर शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह निर्णय संभाग आयुक्त दीपक सिंह एवं अतिरिक्त महानिदेशक डी. श्रीनिवास वर्मा ने बैठक में संयुक्त रूप से लिया है।इंदरगंज व राजपायगा रोड की मल्टीलेवल पार्किंग क्षेत्र में केवल एक माह के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित हुई बैठक में संभाग आयुक्त एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने संयुक्त रूप से कहा कि हमारे प्रयास ऐसे हों जिससे शहरवासियों की मल्टीलेवल पार्किंग में वाहन खड़ा करने की आदत बने। बैठक में अफसरों ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने पर मंथन किया।

