Latestराज्यराष्ट्रीय

ग्वालियर में स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 की कवायद शुरू, फील्ड में निकला निगम अमला

ग्वालियर. स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के लिए केंद्रीय दल आने की संभावना को देखते हुए नगर निगम अमला अब फील्ड में नजर आने लगा है। सर्वेक्षण को देखते हुए तेजी से कवायद शुरू की गई है। इसके तहत शहर में वाल पेंटिंग का काम शुरू कराया गया है। इसके अलावा लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग कर देने के लिए जागरुक किया जा रहा है। स्वच्छता के काम में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों की हाजिरी भी चेक की जा रही है। जल्दी ही वार्ड स्तर पर प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके।

जेडएचओ प्रणाली खत्म, अब होंगे सुपरवाइजर
सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने अमले की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों से चर्चा कर सर्वेक्षण के लिए आवश्यक मानकों के अनुरूप तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने सभी तैयारियों पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में निगमायुक्त ने जेडएचओ सिस्टम खत्म कर सुपरवाइजर नियुक्त किए हैं। इसके अलावा हर वार्ड हेल्थ आफिसर के नीचे अब एक सहायक वार्ड स्वास्थ्य अधिकारी काम करेगा। निगमायुक्त ने अमले को निर्देश दिए कि ये सुपरवाइजर ही डोर-टू-डोर कचरा वाहनों को घर-घर जाना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में डीजल चोरी की घटनाओं को लेकर डिपो प्रभारियों पर नाराजगी भी जाहिर की। इस दौरान अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव, उपायुक्त अमरसत्य गुप्ता, डा. अतिबल सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *