मेले में लगे हर झूले की सुरक्षा का प्रमाण-पत्र लें – कलेक्टर
ग्वालियर -व्यापार मेले में सैलानियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो। झूला सेक्टर में लगे सभी प्रकार के झूलों की क्षमता, सुरक्षा व बिजली लाईनों से सुरक्षा के संबंध में लोक निर्माण एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों से हर झूले का सुरक्षा प्रमाण-पत्र लिया जाए। इस आशय के निर्देश कलेक्टर ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में दिए। उन्होंने कहा सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण मेले की अन्य दुकानों व जलपान गृहों से भी सुरक्षा प्रमाण-पत्र लिए जाएँ।
सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कलेक्टर ने 5 जनवरी को प्रस्तावित मेले के उदघाटन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा सैलानियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर उदघाटन कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी, अपर कलेक्टर एचबी शर्मा, जिले के सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
ग्वालियर खेल महोत्सव की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
आगामी 6 जनवरी से आयोजित होने जा रहे ग्वालियर खेल महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा भी बैठक में की गई। कलेक्टर ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करें। साथ ही यह ध्यान रहे कि खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाओं की कोई दिक्कत न हो।

