मप्र में लव जिहाद रोकने सरकार बनाएगी नियम, शादी के लिए पुलिस सत्‍यापन होगा अनिवार्य

भोपाल. लव जिहाद की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए प्रदेश सरकार इस दिशा में गंभीर हो गई है। सरकार लव जिहाद की घटनाओं को रोकने के लिए ऐसे नियम बनाने पर विचार कर रही है, ताकि फर्जी दस्‍तावेज के जरिए होने वाली शादियों पर रोक लग सके। प्रदेश के गृहमंत्री डा. नरोत्‍तम मिश्रा ने इस आशय के संकेत दिए हैं। गृहमंत्री नरोत्‍तम ने कहा कि लव जिहाद जैसी घटनाओं को रोकने के लिए शादी कराने वाली संस्थाओं को लड़का-लड़की का पुलिस सत्‍यापन कराना अनिवार्य किया जाएगा। इसके तहत रजिस्‍ट्रार मैरिज ब्यूरो, नोटरी और शादी कराने वाली संस्थाओं को पुलिस को जानकारी देनी होगी। इससे फर्जी दस्तावेज का सहारा लेकर होने वाली शादियों पर रोक लग सकेगी।

उन्‍होंने कहा कि एक महीने पहले आवेदन इन सस्थाओं के पास पहुंच जाते हैं। उनके पास पुलिस वैरिफिकेशन कराने का पर्याप्त समय होता है। लव जिहाद जैसी घटनाओं को रोकने के लिए यह भी बड़ा कदम होगा। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही राजधानी के कोलार इलाके में लव जिहाद का सनसनीखेज मामला सामने आया था। इसमें एक किशोरी से कोलार क्षेत्र में रहने वाले युवक ने खुद को पंडित बताते हुए दोस्ती की। जन्मदिन के बहाने से होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया। घटना का वीडियो बनाने के बाद तीन साल तक उसका शोषण किया। बाद में धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उसने तीन बार गर्भपात भी कराया। इस मामले में आरोपित की गिरफ्तारी हो चुकी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *