हम भी मध्यप्रदेश में तैयारी में जुट गए है- CM शिवराज
भोपाल. सीएम शिवराज सिंह ने गुजरात में बीजेपी की जीत पर कहा- गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की विजय, विजय नहीं महाविजय है। अभूतपूर्व विजय है। अकल्पनीय विजय है। ये महाविजय नरेन्द्र मोदी जी के प्रति जनता का प्रेम, विश्वास और श्रद्धा का प्रकटीकरण है, मोदी जी जन जन के मन में बसे है। जनता उनको कल्पवृक्ष मानती है। विकास का जो मॉडल गुजरात के रूप में उन्होंने दिया है, उसे देश ही नहीं, दुनिया के कई राज्य अपना रहे है। सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि हम भी मध्यप्रदेश में तैयारी में जुट गए है।
मप्र में भी ऐसी आंधी आएगी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा – गुजरात के परिणाम जो आए हैं, ये राजनीति में इस देश के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय है। पीएम मोदी के गुड गवर्नेंस और विकास को जनता ने समर्थन दिया है। अगले साल मध्यप्रदेश में चुनाव हैं। पूरा विश्वास है कि ये आंधी मध्यप्रदेश में भी आएगी।
प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में भी बंटी मिठाइयां
गुजरात में बीजेपी की जीत पर एमपी बीजेपी के दफ्तर में जहां सुबह से जश्न का माहौल रहा, वहीं प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में उस वक्त खुशी नजर आई, जब दोपहर बाद ये तय हो गया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। दोपहर करीब 3 बजे PCC दफ्तर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर आतिशबाजी की। पीसीसी के बाहर प्रदेश महामंत्री राजीव सिंह, मीडिया विभाग के चीफ पीयूष बबेले ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी।