ग्वालियर में फिर ATM काटने की वारदात, कैश लूटकर जा पाते इससे पहले पुलिस ने तीन धरे

ग्वालियर. लाखों रुपए के लिए तीन बदमाशों ने एक एटीएम को तोड़ दिया। गनीमत रही कि बदमाश वारदात में सफल होते उससे पहले ही कंट्रोल रूम को घटना पता चला और बदमाशों की घेराबंदी कराई। घटना पड़ाव थाना क्षेत्र के रवि नगर स्थित SBI बैंक के एटीएम में बुधवार की तड़के करीब साढ़े तीन बजे की है। भाग रहे बदमाशों में से तीन को ग्वालियर थाना व पड़ाव पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा है। जबकि एक बदमाश मौका पाकर भाग निकला। पकड़े गए बदमाशों से कटर, हथौड़ा व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस पकड़े गए बदमाशों में पूछताछ में जुट गई है।

बैंक के अधिकारी ने दी थी सूचना
ग्वालियर के पड़ाव थाना प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया कि बुधवार की तड़के पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश रवि नगर स्थित SBI बैंक के ATM को लूट के लिए तोडफ़ोड़ कर रहे है। सूचना मिलते ही रात्रि गश्त में निकले एसआई सहित थाने के बल और एफआरवी के स्टाफ को मौके पर पहुंचकर बदमाशों को पकडऩे के निर्देश दिए, जिस पर पुलिस ने घेराबंदी की तो चार बदमाश पुलिस को देखते ही रवि नगर की गलियों से होते हुए भागे और बदमाशों को भागते देखकर आस-पास के थानों को अलर्ट किया और ग्वालियर थाने के सेवा नगर प्वाइंट पर तैनात बल ने बदमाशों को घेर लिया। इसी बीच पड़ाव पुलिस भी मौके पर पहुंची और तीनों बदमाश पकड़ लिए वही एक अन्य बदमाश भाग निकला।

यह पकड़े गए
पुलिस पकड़ मे आए बदमाशों से पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम राहुल, रूपकिशोर और संदीप निवासी फरूखाबाद बताया है। पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से कटर, हथौड़ा, सरिया व अन्य एटीएम तोडऩे के उपकरण मिले है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश में बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन के साथ ही हाइवे की निगरानी कराई जा रही है, साथ ही जिले के मोहल्लों और कॉलोनियों में उसकी तलाश कराई जा रही है, क्योंकि एक बार वह हाथ से निकला तो पकडऩा काफी मुश्किल हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *