दूध में फिर आएगा उबाल, आज से 2 रुपए लीटर महंगा होगा दूध
ग्वालियर. अमूल और सांची के बाद अब खुला दूध बेचने वाले डेयरी संचालक भी दूध के दाम बढ़ा रहे हैं। 1 नवंबर को जहां लश्कर क्षेत्र के कुछ डेयरी संचालकों ने दो रुपए लीटर दाम बढ़ाए थे वहीं 1 दिसंबर से उपनगर ग्वालियर में दो रुपए लीटर की बढ़ोतरी की जा रही है। डेयरी संचालकों का कहना है कि कंपनियों के बढ़े दाम के कारण दामों में बढ़ोतरी की जा रही है। वहीं डेयरी संचालकों की संस्था का इस संबंध में कहना है कि कुछ समय पूर्व दाम बढ़ाने को लेकर बैठक की गई थी, लेकिन इस पर निर्णय नहीं हो सका था। संस्था की ओर से दूध के दामों में बढ़ौतरी नहीं की गई है, कुछ लोग व्यक्तिगत रूप से दाम बढ़ा रहे हैं। आने वाले दिनों में तगड़ा सहालग होने के कारण दूध की मांग बढ़ने वाली है।
अगले साल तीन महीने लगातार बढ़ेंगे दाम
दूध डेयरी संचालक इस साल अभी तक तीन बार दूध के दामों में बढ़ौतरी कर चुके हैं। सबसे पहले इस वर्ष मार्च महीने में दो रुपए प्रति लीटर दाम बढ़ाए गए थे। इसके बाद एक बार और दो रुपए बढ़ाए गए थे, अब 1 दिसंबर से फिर दामों में बढ़ोतरी होने जा रही है। दूध डेयरी संचालकों की मानें तो अगले वर्ष जनवरी से मार्च तक प्रत्येक महीने दो-दो रुपए प्रति लीटर के भाव से दूध के दामों में वृद्धि की जाएगी।

