MP में नया सियासी गठजोड़, OBC महासभा, AIMIM के साथ जयस की बड़ी बैठक, 1 दिसंबर को बुन्देलखंड से शुरु होगी यात्रा
भोपाल. मप्र में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दल तैयारियों में जुटे हुए हैं। मप्र की राजनीति में सबसे प्रमुख मुद्दा आदिवासी हैं। शिवराज सरकार ने आदिवासियों को लुभाने के लिए कई योजनाएं शुरु की हैं। इसके साथ ही जनजातीय वर्ग के देवी-देवताओं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारक प्रतिमाएं लगवा रही है। इस समय आदिवासियों के सबसे चर्चित संगठन जयस ने चुनाव को देखते हुए बिसात बिछानी शुरु कर दी है। जयस के राष्ट्रीय संरक्षक और मनावर से विधायक डॉ.हीरालाल अलावा अब जयस के साथ ओबीसी, दलित संगठनों के साथ असद्दुीन औवेसी की पार्टी एआईएमआईएम के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में जुटे हैं।
10 दिसंबर को होगी बैठक
भोपाल के पॉलिटेक्टनिक चौराहे पर स्थति गांधी भवन में 10 दिसंबर को सामाजिक परिचर्चा संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस संगोष्ठी में जयस चीफ डॉ हीरालाल अलावा बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। रीवा के पूर्व सांसद बुद्धसेन पटेल, राष्ट्रीय समता समाधाप पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पवार के साथ मप्र में एआईएमआईएम के नेता तौकीर निजामी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में जयस के साथ, समता समाधान पार्टी, पिछड़ा वर्ग संघ, अपाक्स, भारत रक्षा दल, मप्र बेरोजगार सेना के कार्यकर्ता और मुख्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
1 दिसंबर को बुन्देलखंड से जन चेतना जगाओ यात्रा
मालवा, महाकौशल, गौंडवाना, निमाड़ के बाद अब जयस ने बुन्देलखंड में भी अपना विस्तार करने की शुरुआत की है। एक दिसंबर को बुन्देलखंड अंचल के सागर जिले के बीना से जन चेतना जगाओ यात्रा की शुरुआत होगी। बीना में आयोजित कार्यक्रम में सेन समाज, रजक, धनगर, पाल, प्रजापति, बहुजन यूथ एंड स्टूडेंट फ्रंट मप्र के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम को जयस एवं वंशम यानि वंचित समाज संघर्ष मोर्चे का नाम दिया गया है। इस यात्रा के जरिए ओबीसी वर्ग में शामिल अति पिछडी जातियों को एकजुट करने की कोशिश की जाएगी।

