कमलनाथ सरकार ने वापस लिया नसबंदी का फैसला, संचालक छवि भारद्वाज को हटाया
भोपाल. मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार बैकफुट पर आ गई है शुक्रवार की सुबह से ही नसबंदी के मामले में राजनीति गर्माने के बाद यह फैसला लिया है वहीं इस प्रकार का आदेश जारी करने वाली एनएचएम संचालक छवि भारद्वाज को हटा कर मंत्रालय में अटैच कर दिया है। इससे पहले विपक्ष की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी कमलनाथ सरकार के इस फैसले का कड़ा विरोध किया।
हजारों हेल्थ वर्करों को बड़ी राहत मिली
स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को अपना आदेश वापस लिया। स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने इसकी जानकारी दी और कहा कि इस आदेश के बाद से हजारों हेल्थ वर्करों को बड़ी राहत मिली है। इधर नसबंदी के इस आदेश के खिलाफ विपक्ष सक्रिय हो गया।
यह निर्णय आपातकाल के दिनों की याद दिला रहा
विधायक नरोत्तम मिश्रा ने सरकार के इस फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि कमलनाथ सरकार का यह निर्णय आपातकाल के दिनों की याद दिलाता है और कमलनाथ उसी मानसिकता से काम करते दिख रहे हैं। नरोत्तम मिश्रा ने यह भी कहा कि सरकार के निर्णय से वैसे ही हाल होंगे जैसे आपातकाल में उन लोगों की भी नसबंदी कर दी गई थी जिनकी शादी भी नहीं हुई है।

