सेवा नगर में अभी तोड़फोड़ पर होल्ड, लोग खुद ही तोड़ें मकान
ग्वालियर. फूलबाग से लेकर सेवा नगर, लोहा मंडी, किला गेट होते हुए हजीरा चौराहे तक बनाई जा रही सड़क के चौड़ीकरण के दायरे में आने वाली सेवा नगर की 244 संपत्तियों को निगम द्वारा तोड़ने की कार्रवाई को अभी होल्ड पर रखा गया है। विधायक डा. सतीश सिकरवार के दखल के बाद निगम अधिकारियों ने गत सोमवार तक लोगों को खुद ही अपने मकान तोड़ने की मोहलत दी थी। उसके बाद से लोग खुद ही अपने मकान तोड़ रहे हैं, ऐसे में निगम अमला अभी मौके पर कार्रवाई नहीं करेगा।
11.78 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की जा रही इस रोड को सेवा नगर से लेकर किला गेट होते हुए हजीरा चौराहे तक 12 मीटर यानी 40 फीट चौड़ा किया जाना है। पहले यह चौड़ाई 18 मीटर प्रस्तावित थी। 12 मीटर की हद में आने वाले कुल 244 मकानों पर नगर निगम ने लाल निशान लगाकर शनिवार को कार्रवाई शुरू की, तो विधायक सतीश सिंह सिकरवार मौके पर पहुंचे और जिला प्रशासन व निगम अधिकारियों से कहा कि लोगों को खुद ही निर्माण तोड़ने के लिए समय दिया जाए। इसके चलते अधिकारियों ने दो दिन की मोहलत दी थी। यह मोहलत सोमवार को समाप्त हो चुकी है, लेकिन इसी बीच लोग लगातार अपने मकानों की तय नाप के हिसाब से तोड़फोड़ कर रहे हैं। बुधवार को भी निगम के भवन अधिकारी यशवंत मैकले व अन्य स्टाफ ने सेवा नगर का जायजा लिया, तो कुछ मकानों को छोड़कर अधिकतर घरों में लोग खुद ही तोड़फोड़ कर रहे हैं। इसको देखते हुए अभी निगम अमला यहां कार्रवाई नहीं करेगा। क्षेत्रीय अधिकारी राकेश कश्यप का कहना है कि जब लोगों द्वारा स्वयं की जा रही तोड़फोड़ समाप्त हो जाएगी तो फिर से सड़क की नपाई की जाएगी। इसके अलावा जो लोग फिर भी अपने निर्माण नहीं तोड़ रहे हैं, उन्हें निगम के अमले द्वारा कार्रवाई कर ढहाया जाएगा।

