डबरा में इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में से 15 लाख एलईडी टीवी, फ्रिज और अलमारी चोरी, 20 दिन में तीसरी चोरी
ग्वालियर. डबरा में चोरियों को सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, इस बार चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम पर हाथ साफ कर दिया है। चोर यहां से करीब 15 लाख रूपये का सामान चुरा ले गये। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना देहात थाना क्षेत्र के शुगर मिल परिसर की है। डबरा के व्यवसायी शुभम जैन की जीएस बिजनेस के नाम से इलेक्ट्रॉनिक का बड़ा व्यापार है।
उन्होंने शुगर मिल क्षेत्र में अपने मकान से कुछ दूरी पर एक गोदाम बनाया हुआ है। जिसमें बड़ी मात्रा में फ्रिज, एलईडी टीवी, कूलर, अलमारी सामान रखे हुए थे। गोदाम संचालक शुभम जैन ने बताया कि चोरी का पता हमें तब लगा जब हम गोदाम में स्टॉक मेंटेन करने पहुंचे। पूरा गोदाम खाली दिखाई दिया। तत्काल सीसीटीवी देखे गये तो एक लोडिंग ऑटो का फुटेज मिला है। जिसके माध्यम से चोरी की गयी है।
चोरों ने बनवाई गोदाम की चाबी
शुभम जैने यह भी बताया कि चोरी को 1 से 20 नवम्बर के बीच 3 बार में की गयी है। चोरों ने बाकायदा गोदाम की चाबी बनवाई थी जिसके सहारे से ही वह धीरे-धीरे चोरी की घटना को अंजाम देते रहे। गोदाम संचालक ने अपने कर्मचारी दीपक मराठा पर भी संदेह व्यक्त किया है। गोदाम से लगभग 60 एलईडी टीवी, 20 फ्रिज, अलमारी जैसा सामान गायब है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डबरा की देहात पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की हर एंगल से जांच में जुट गयी है। पुलिस ने एक आरोपी को भी हिरासत में लिया है। जिसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद करना और किन-किन लोगों का इस घटना में हाथ था उन्हें गिरफ्तार करने के लिये प्रयास शुरू कर दिये हैं।

आरोपियों को जल्द करेंगे गिरफ्तार- टीआई
डबरा देहात थाना प्रभारी राजकुमारी परमार ने कहा कि शुगर मिल क्षेत्र में चोरी हुई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सामान की बरामदगी सहित अन्य आरोपी भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिए जाएंगे, जांच जारी है।
