आज भोपाल में किसानों का बड़ा आंदोलन

भोपाल. मध्यप्रदेश के किसानों और किसान नेताओं ने एक बार फिर विधानसभा का 7 दिन का विशेष सत्र बुलाए जाने की मांग की है। उनकी मांग है कि इसमें सिर्फ खेती-किसानी से जुड़े मुद्दे और समस्याओं पर ही चर्चा हो। आज इस मांग के साथ भोपाल में प्रदेशभर से किसान जुटेंगे। भारतीय किसान संघ के बैनर तले 18 मांगों पर बड़ा आंदोलन करेंगे। किसानों के इवेंट को लेकर आज राजधानी में कई रूट डायवर्ट भी रहेंगे। भाकिसं के ‘किसान शक्ति शंखनाद, ग्राम सभा से विधानसभा’ के तहत हो रहे कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों किसान जुटेंगे। इसे लेकर एमवीएम कॉलेज में बड़ा पंडाल बनाया गया है। संघ के पदाधिकारी किसानों को संबोधित करेंगे। जिला और तहसील स्तर से किसानों को जुटाने के लिए पिछले 4 महीने से तैयारियां चल रही थीं। ऐसे में सरकार की टेंशन भी बढ़ सकती है।

18 मुद्दों में खाद-बीज से लेकर हर बिंदू शामिल
जिन 18 मुद्दों को लेकर किसान भोपाल में जुटेंगे, उनमें खाद, बीज, मुआवजा, भावांतर समेत हर बिंदू शामिल हैं। किसानों की मांग है कि अनाज और सब्जियों पर भावांतर योजना लागू की जाए। इससे उन्हें मंडियों में कम दाम न मिले। सबसे बड़ा मुद्दा विधानसभा सत्र बुलाने का ही है। किसान चाहते हैं कि विधानसभा का 7 दिवसीय विशेष सत्र बुलाकर सरकार सिर्फ उन्हीं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करे।

एमवीएम की ओर जाने वाले रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्सन
एमवीएम ग्राउंड पर मंगलवार को किसान पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान सुबह 8 बजे से जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। भारत टॉकीज से रोशनपुरा के बीच दो और चार पहिया वाहन लिली टॉकीज पीएचक्यू तिराहा, खटलापुरा और बाणगंगा होते हुए आ-जा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *