निगम ने पुलिस बल मांगा, आज तुड़ाई की तैयारी

ग्वालियर. नगर निगम ने किला गेट से सेवा नगर और किला गेट से हजीरा चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण में बाधा उत्पन्न करने वाले मकानों की तुड़ाई करने की तैयारी कर ली है। निगम मुख्यालय स्थित सिटी प्लानर कार्यालय से एक पत्र शुक्रवार को ग्वालियर थाना प्रभारी को भेजकर शनिवार सुबह 10 बजे पुलिस बल मांगा है। निगम को अंदेशा है कि तुड़ाई कार्य के दौरान विवाद की स्थिति बन सकती है। इधर एसडीएम प्रदीप तोमर, निगम के मुख्य समन्वयक अधिकारी (सीसीओ) सुशील कटारे और क्षेत्राधिकारी राकेश कश्यप टीम के साथ सड़कों पर घूमे। उन्होंने प्लैग मार्च के दौरान किला गेट से सेवानगर मार्ग पर रहने वालों को समझाया कि लाल निशान तक निर्माण के हिस्से को गिरा लें। इससे पहले महापौर डाॅ.शोभा सिकरवार ने किलागेट क्षेत्र का भ्रमण कर पीडितों से मुलाकात की। बता दें कि किला गेट से सेवा नगर तक 244 मकान-दुकानों पर लाल निशान लगाए गए हैं। अभी तक निगम 17 निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर चुका है।

समझाइश- खुद गिरा ले निर्माण
प्रशासनिक और नगर निगम के अधिकारियों ने महापौर के निरीक्षण के बाद किला गेट से सेवा नगर तक घूमकर पीडितों से बातचीत की। उन्हें समझाया कि खुद ही चिह्नित निर्माण के हिस्से को गिरा लें। पीड़ित मकान मालिक व दुकानदार अधिकारियों से दुकान के लिए अन्य स्थल पर जगह और मुआवजा की मांग करने लगे। कहीं-कहीं नगर निगम का विरोध भी करते हुए भी लोग दिखाई दिए।

तुड़ाई के दौरान 25 पुरुष और 10 महिला पुलिसकर्मी मांगे
सिटी प्लानर कार्यालय से पुलिस को भेजे गए पत्र में थाना प्रभारी से सुबह 10 बजे 35 पुलिस कर्मचारियों का बल मांगा गया है। इनमें 25 पुरुष पुलिस कर्मचारी और 10 महिला पुलिस कर्मचारियों को भेजने के लिए कहा गया है। बता दें कि निगम के अधिकारियों को अंदेशा है कि मौके पर विवाद की स्थिति बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *