ग्वालियर का व्यापार मेला पूर्ण भव्यता के साथ लगाया जाए मेले की सभी तैयारियाँ समय रहते करें पूर्ण
ग्वालियर व्यापार मेले में वर्ष भर संचालित हों गतिविधियाँ, प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने ग्वालियर व्यापार मेला परिसर पहुँचकर किया निरीक्षण
ग्वालियर -ग्वालियर व्यापार मेला इस वर्ष पूरी भव्यता के साथ लगाया जाए। 25 दिसम्बर 2022 से शुरू होने वाले मेले की सभी तैयारियाँ समय रहते पूर्ण कर ली जाएँ। ग्वालियर व्यापार मेले में वर्ष भर आयोजन होते रहें, ऐसी योजना भी तैयार की जाए। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट गुरूवार को दोपहर मेला परिसर में अधिकारियों के साथ पहुँचे और निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्वालियर व्यापार मेला 25 दिसम्बर 2022 से प्रारंभ होगा। मेले की सभी तैयारियां 20 दिसम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए गए। निरीक्षण के दौरान बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम अपर आयुक्त अतेन्द्र सिंह गुर्जर, भाजपा के महासचिव आशीष प्रताप सिंह सहित विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर से कहा कि ग्वालियर व्यापार मेला बहुत ही पुराना और स्थापित मेला है। मेले के लिये बहुत ही सुंदर और सुरक्षित स्थान भी है। मेला परिसर में वर्ष भर आयोजन हो इसकी रणनीति भी तैयार की जाए। दिल्ली की तर्ज पर ग्वालियर में भी साल भर गतिविधियाँ हों। इसके लिये मेला प्राधिकरण के साथ-साथ अन्य विभागों का भी सहयोग लिया जाए।
प्रभारी मंत्री ने निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देशित किया है कि मेला लगने से पूर्व मेले की सड़कों का सुधार, पेयजल व्यवस्था, रंगाई-पुताई, विद्युत व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मेले में आने वाले सैलानियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, ऐसे प्रबंध भी मेले के दौरान किए जाएँ। इसके साथ ही न केवल प्रदेश से बल्कि देश भर के सैलानी ग्वालियर व्यापार मेले में आएं और मेले का आनंद उठाएं, इसके लिये मेले के आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए।
कलेक्टर ने बताया कि मेले के आयोजन के संबंध में संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया जा चुका है। मेले की तैयारियां भी प्रारंभ कर दी गई हैं। मेला प्राधिकरण के साथ-साथ जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन के माध्यम से मेले में सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित कर ली जायेंगीं।
