स्टेशन पर चलाया साफ-सफाई एवं हाईजीन को लेकर विशेष अभियान
ग्वालियर. झांसी मंडल ने स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाया है। इस अभियानों के माध्यम से स्वच्छता के स्तर को और बेहतर करने के साथ साथ आमजनता, रेलकर्मियों उनके परिवारजनों आदि को स्वच्छता के प्रति जागरुक किया जा रहा है। ग्वालियर स्टेशन पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसी क्रम में सफाई अभियान के साथ ही अनावश्यक फाइलों को समाप्त करना, स्क्रैप निपटान, वीआईपी संदर्भों का निवारण जैसे कार्य भी प्राथमिकता पर किए जा रहे हैं। इस 15 दिवसीय अभियान के दौरान अवांछित, गैर जरूरी तथा पुरानी फाइलों का निस्तारण भी किया जा रहा है। पुरानी फाइलें और कागज़ात ना सिर्फ कार्यालयों में अतिरिक्त स्थान घेरते हैं बल्कि कार्यालय वातावरण को भी प्रभावित करते हैं। किसी भी डाटा को ढूंढ़ने में अतिरिक्त समय लगता है।
मंडल के प्रमुख स्टेशन वीरांगना लक्ष्मीबाई, ग्वालियर, बांदा, मुरैना, चित्रकूट धाम कर्वी, ललितपुर, उरई, दतिया, डबरा, खजुराहो एवं महोबा सहित अन्य स्टेशनों पर मंडल अधिकारीयों को नामित किया गया है, जिनके निर्देशन में स्वच्छता व हाइजीन अभियान चलाया जा रहा है। आवासीय परिसरों तथा कार्यालयों में भी वृहद स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों में रेल कर्मियों के साथ ही आम जनता का सहयोग भी लिया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न माध्यमों से आम जन जागरूकता हेतु प्रचार अभियान भी चलाए जा रहे है। इन माध्यमों में सोशल मीडिया एवं स्टेशनों पर पोस्टर तथा जन उदघोषणा प्रणाली के माध्यम से भी जनजागरूकता प्रसारित की जा रही है । इसके अतिरिक्त बायोटॉयलेट युक्त गाड़ियों के अनुरक्षण तथा ओबीएचएस ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ की उपस्थिति तथा कार्य प्रणाली पर भी विशेष नज़र रखी जा रही है। यात्रियों से अपील है की स्टेशन परिसर व ट्रेन को स्वच्छ व हाईजीनिक बनाये रखने में रेल प्रशासन का सहयोग करें।
