GDA मास्टर प्लान के अनुसार शहर के मार्गों का सीमांकन करें – संभाग आयुक्त
GDA बोर्ड की बैठक में हुए अहम निर्णय
ग्वालियर मास्टर प्लान के अनुसार ग्वालियर शहर के मार्गों का सीमांकन करें। साथ ही सड़क के दोनों ओर सीमा चिन्ह अंकित किए जाएँ। इस आशय के निर्देश संभाग आयुक्त एवं ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दीपक सिंह ने नगर निगम और नगर एवं ग्राम निवेश विभाग के अधिकारियों को दिए। संभाग आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित हुई ग्वालियर विकास प्राधिकरण बोर्ड की बैठक में अहम निर्णय लिए गए।
गुरूवार को यहाँ ग्वालियर विकास प्राधिकरण के सभाकक्ष में आयोजित हुई बोर्ड की बैठक में माधव प्लाजा व्यवसायिक परिसर के दूसरे तल पर मल्टीप्लेक्स बनाए जाने के लिए खुली छत (445 वर्ग मीटर) को ई-निविदा के माध्यम से विक्रय करने की स्वीकृति दी गई। इसी तरह लीज मैनेजमेंट सिस्टम को कम्प्यूटराईज्ड करने कम्प्यूटर ऑपरेटर व कम्प्यूटर प्रोग्रामर को आउट सोर्स एजेंसी के माध्यम से रखे जाने की स्वीकृति भी दी गई। बोर्ड की बैठक में प्राधिकरण की सम्पत्तियों को बेचने के लिये व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिये भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
जीडीए बोर्ड की बैठक में सिटी सेंटर स्थित एक व्यवसायिक भू-खंड को अधिकतम बोली के आधार पर संबंधित फर्म को न्यायालय में प्रचलित प्रकरण के अंतिम निर्णय के अध्याधीन आवंटित करने की स्वीकृति भी दी गई।
