राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु रिमोट बटन दबाकर लैब का किया शिलान्यास
ग्वालियर- DRDO की एक महत्त्वपूर्ण प्रयोगशाला रक्षा अनुसंधान एवं विकास स्थापना की महाराजपुरा साइट पर एक विश्व स्तरीय BSL -4 प्रयोगशाला का शिलान्यास आज भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के करकमलों से सम्पन्न हुआ। राष्ट्रपति ने राजभवन भोपाल के कार्यक्रम स्थल से दूरस्थ माध्यम द्वारा ग्वालियर स्थित प्रयोगशाला का शिलान्यास किया। इस अवसर पर भोपाल में मप्र के राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री के अलावा DRDO के महानिदेशक (जैवविज्ञान) डॉ यूके सिंह मौजूद रहे।
यहाँ महाराजपुरा, ग्वालियर स्थित साइट पर DRDE के निदेशक डॉ मनमोहन परीडा और वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ-साथ ग्वालियर के सांसद विवेक शेजवलकर, पूर्व विधायक मुन्ना लाल गोयल एवं रमेश अग्रवाल, ग्वालियर के कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कमिश्नर नगर निगम किशोर कन्याल, सीईओ जिला पंचायत आशीष तिवारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। राष्ट्रपति ने जैसे ही रिमोट का बटन दबाया, ग्वालियर स्थित कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रस्तर शिला का अनावरण हो गया एवं उपस्थित जन समूह ने करतल ध्वनि द्वारा हर्ष व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि यह देश की दूसरी और रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत पहली प्रयोगशाला होगी जिसमें खतरनाक सूक्ष्मजीवों पर अनुसंधान कार्य संभव होगा और भविष्य में होने वाली आपदाओं का सामना प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। वर्ष 2026 तक यह प्रयोगशाला बनकर तैयार हो जाएगी और इसमे अनुसंधान कार्य आरंभ हो जाएंगे।
