MITS में रैगिंग, सीने पर पिस्टल अड़ाकर जूनियर को पीटा, 5 सीनियर सस्पेंड

ग्वालियर. माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (MITS) में रैगिंग का मामला सामने आया है। सीनियर छात्रों पर जूनियर छात्र के सीने में पिस्टल अड़ाकर पीटने का आरोप है। बचाने आए जूनियर के बड़े भाई के साथ भी मारपीट की गई है। उसकी पीठ पर इन्होंने काटा भी है। जूनियर ने इसकी शिकायत कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी से की थी। साथ ही गोला का मंदिर पुलिस ने भी शिकायत मिलने पर मामले को जांच में लिया है। उधर, कॉलेज प्रबंधन ने शनिवार को 5 छात्रों को सस्पेंड कर दिया। रैगिंग पीड़ित छात्र अखिल शर्मा ने बताया कि सीनियर्स (रितेश तोमर, हरिओम भारद्वाज, अभिषेक डंगरोलिया, उत्कर्ष मिश्रा (बीई थर्ड ईयर), मयंक भदौरिया – (बीई फाइनल ईयर) उसे दीपावली के पहले से परेशान कर रहे थे। रैगिंग और प्रताड़ना के डर से वह कॉलेज नहीं जा रहा था।

क्या है पूरा मामला
गुरुवार (10 नवंबर) को वह कॉलेज परीक्षा देने गया था। पेपर के बाद जब वह एग्जाम हॉल से बाहर निकला तो पांचों सीनियर्स ने उसे घेर लिया। उन्होंने सीने पर पिस्टल अड़ाकर धमकाया और फिर पीटना शुरू कर दिया। उसने इसी कॉलेज में पढ़ने वाले अपने बड़े भाई निखिल (बीई फाइनल ईयर) को कॉल कर पूरी जानकारी दी। वह तत्काल भाई को बचाने कॉलेज पहुंचा। उसने सीनियर्स को रैगिंग लेने से मना किया तो वे निखिल पर टूट पड़े। पहले तो उसके साथ मारपीट की, फिर उसके पीठ में काट लिया। निखिल लहूलुहान हो गया। शुक्रवार को वह मां और भाई को लेकर कॉलेज पहुंचा और प्रॉक्टर डॉ. आरएस जादौन से रैगिंग लेने वाले सीनियर्स की शिकायत की। डॉ. जादौन ने प्रारंभिक जांच के बाद रैगिंग लेने के आरोपी में 5 सीनियर्स को सस्पेंड कर दिया।

दहशत में बेटा, कॉलेज कैसे जाएगा
अखिल शर्मा दहशत में है। वह अपनी मां से कह रहा है कि अभी तो उसका भाई संस्थान में मदद करने के लिए है, लेकिन अगले साल भाई पढ़ाई पूरी कर निकल जाएगा। ऐसे में उसे डर है कि आरोपी छात्र उसके इस कार्रवाई का बदला लेंगे। छात्र की मां ने बताया कि बेटा काफी डरा हुआ है, लेकिन आरोपी छात्रों ने जो काम किया था, उसकी सजा उनको मिलनी ही चाहिए। ऐसा होने से वह किसी अन्य छात्रों के साथ ऐसा नहीं कर सकेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *