MP का लाल जम्मू कश्मीर में शहीद, आतंकियों ने सिर में मारी गोली

अंबाह. देश की रक्षा में तैनात एमपी का एक और लाल शहीद हो गया। महिनेभर पहले ही छुट्टी लेकर परिवार के पास आया था। अब जब जवान के शहादत की खबर आई, तो शहीद के गांव और घर में मातम पसर गया। जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले में मध्यप्रदेश का लाल शहीद हो गया। आतंकियों ने नाके पर ड्यूटी कर रहे सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए हमला किया। जिसमें मुरैना जिले के अंबाह के रहने वाले CRPF जवान जलसिंह सखवार (52) के सिर में गोली लगी और वे शहीद हो गए। शुक्रवार को अनंतनाग में हुई इस वारदात के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर एक आतंकी को मार गिराया। परिजनों ने कहा कि CRPF के अफसरों ने बताया कि जलसिंह नाके पर ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान सुरक्षाबलों पर अचानक आतंकियों ने हमला कर दिया। आतंकियों की ओर से हुई फायरिंग में जलसिंह सखवार शहीद हो गए। जलसिंह के शहीद होने का समाचार पाकर अंबाह में शोक की लहर है।

रविवार सुबह होगा अंतिम संस्कार
परिजनों ने बताया कि जलसिंह की पार्थिव देह पोस्टमॉर्टम के बाद हवाई जहाज से दिल्ली लाई गई। इसके बाद दिल्ली से सड़क मार्ग से देह शनिवार देर रात तक अंबाह पहुंचेगी। रविवार सुबह सैनिक सम्मान के साथ शहीद जलसिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *