ग्वालियर में पेट्रोल पंप पर लूट का प्रयास, तोड़फोड़ कर चलाई गोलियां

ग्वालियर. बिजौली इलाके में पेट्रोल पंप पर आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने आधी रात को हमला कर दिया। यहां स्टाफ को पीटा, तोड़फोड़ की फिर केबिन के अंदर घुसकर रुपये लूटने का प्रयास भी किया। बदमाशों ने गोलियां भी चलाई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। बिजौली थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपितों पर एफआइआर दर्ज कर ली है, जिनकी तलाश की जा रही है।

बिजौली थाना प्रभारी साधना सिंह कुशवाह ने बताया कि बिजौली के पारसेन गांव में पेट्रोल पंप स्थित है। शुक्रवार की रात पंप पर हथियारबंद बदमाश आए और तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों की मारपीट कर दी। बदमाशों ने केबिन में घुसकर लूट की कोशिश की। जब कर्मचारियों ने विरोध किया तो वे गोलियां चलाकर भाग गए। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस रात में मौके पर पहुंची। इस मामले में सीसीटीवी कैमरे देखने के बाद रामकुमार गुर्जर, छोटू गुर्जर, बाई गुर्जर, विनोद गुर्जर सहित अन्य आरोपितों पर लूट की कोशिश व अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज कर ली है। एफआइआर होने के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में इनके घर पहुंची, लेकिन वह गायब मिले। सभी आरोपितों के मोबाइल भी बंद हैं। एफआइआर में नामजद एक आरोपित ने पेट्रोल डलवाने के बाद रुपये नहीं दिए थे, जब रुपये नहीं दिए तो कर्मचारी के साथ मारपीट की थी। इस मामले में पहले ही मुरार थाने में एफआइआर दर्ज हुई थी। अब आरोपित ने फिर हमला कर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *