ग्वालियर में सड़क किनारे वाहन खड़ा किया, तो देना होगा पार्किंग शुल्क

ग्वालियर. नगर निगम के अधिकारी शहर की लगभग हर सड़क किनारे पेड पार्किंग बनाने की तैयारी कर रहे हैं। पिछले दिनों एमआईसी की बैठक में 33 स्थानों पर नई पेड पार्किंग बनाने का प्रस्ताव पास करा लिया गया है। इसमें हर उस सड़क को लिया गया है, जहां लोग फ्री वाहन खड़े करते हैं। कुछ जगहों पर वाहनों से जाम लगता है, लेकिन कुछ स्थानों पर गाड़ियां खड़ी करने की पर्याप्त जगह मौजूद है। इन सड़कों के किनारे वाहन खड़ा करने पर अब निगम को 10 से 30 रुपए तक पार्किंग शुल्क अदा करना होगा। नगर निगम अब इस प्रस्ताव को परिषद से पास कराकर वाहन पार्किंग शुल्क वसूली का टेंडर करने की तैयारी कर रहा है। यह पार्किंग नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्वे कर चिह्नित कराई हैं।

शहर में 33 नए पार्किंग स्थान तय किए गए
नगर निगम द्वारा वर्तमान में 21 पार्किंगों का संचालन किया जा रहा है। इनमें से कुछ पार्किंग ठेके पर दी गई हैं, तो कुछ का संचालन निगम द्वारा स्वयं किया जा रहा है। अब शहर में 33 नए पार्किंग स्थान तय किए गए हैं। इनमें उपनगर ग्वालियर, लश्कर और मुरार के स्थान तय किए गए हैं। निगम द्वारा पार्किंग के लिए ए, बी, सी, डी, ई, एफ, जी सहित कुल आठ समूह बनाए गए हैं। प्रत्येक समूह में अलग-अलग क्षेत्र लेकर पार्किंग चिह्नित की गई हैं, लेकिन ये वे जगह हैं जहां सड़क किनारे ही पार्किंग तय की गई है। निगम द्वारा पार्किंग तैयार करने के लिए सड़क पर मार्किंग कर वाहन खड़े कराए जाएंगे और उनसे शुल्क लिया जाएगा। निगम अधिकारियों का तर्क है कि ये पार्किंग ट्रैफिक पुलिस ने चिह्नित कर दी हैं। इनसे निगम के राजस्व में वृद्धि होगी, लेकिन जनता पर पड़ने वाले जबरदस्ती के बोझ को लेकर सभी मौन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *