MP में राहुल गांधी पर हो सकता है हमला, कांग्रेस ने भाजपा पर जताया संदेह
भोपाल. मध्यप्रदेश में आ रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में कोई अनहोनी हो सकती है। भाजपा असामाजिक तत्वों के जरिए यात्रा में व्यवधान उत्पन्न कर सकती है। यह आशंका कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग बयान जारी कर व्यक्त की है। एक दिन पहले ही नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह की उपयात्रा में एक युवक को कट्टे सहित पकड़ा गया था। कांग्रेस ने ट्वीट कर पकड़े गए युवक को भाजपा का एजेंट भी बताते हुए आशंका व्यक्त की है कि भाजपा बौखलाई हुई है।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह की भारत जोड़ो यात्रा पर हुए हमले के बाद कांग्रेस राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर आरोप लगा रही है। बुधवार को कांग्रेस नेताओं ने वीडियो बयान जारी कर आशंका व्यक्त की है कि राहुल गांधी की यात्रा जब मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी तो भारतीय जनता पार्टी असामाजिक तत्वों के माध्यम से यात्रा में व्यवधान उत्पन्न कर सकती है। नेताओं ने कहा कि सत्ताधारी दल होने के नाते भाजपा की यह जिम्मेदारी है कि वह जिम्मेदारी से अपना काम करे और भाजपा सरकार राहुल गांधी की यात्रा को निर्विघ्न संपन्न होने दे।
