MP में BJP कोर ग्रुप की बैठक से अचानक निकले सिंधिया
भोपाल. बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक भोपाल में मंगलवार को 7 नंबर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बैठक शुरू होने के कुछ देर बाद ही अचानक बाहर निकल आए। बीजेपी नेताओं ने बताया कि उन्हें बुखार था, इसलिए वे जल्दी चले गए। बैठक में शामिल होने के पहले सिंधिया ने कहा- 2023 में कमल का फूल फिर मध्यप्रदेश में खिलेगा। हम साथ में बैठकर जीत का संकल्प लेंगे।
MP में कांग्रेस की ऐतिहासिक हार होगी- विजयवर्गीय
वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर निशाना साधा। बोले- यात्रा चाहे जितनी भी ऐतिहासिक हो, कमलनाथ के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की ऐतिहासिक हार होगी। राहुल गांधी के मध्य प्रदेश में संतों के साथ नर्मदा स्नान पर बोले-दक्षिण से गोल टोपी पहन कर चले हैं, यहां आकर कुछ न कुछ नाटक तो करेंगे ही। कमल नाथ के मंदिर मस्जिद के रोजगार वाले बयान पर बोले- महाकाल लोक जाकर देखें, कितने लोगों को रोजगार मिल रहा है, इसके बाद वो ऐसी बातें नही करेंगें।
निगम मंडलों की नियुक्तियों पर आखिरी दौर की चर्चा
मप्र में लंबे समय से खाली पड़े निगम, मंडलों, बोर्ड और आयोगों में नियुक्तियों पर भी बैठक में चर्चा होगी। सूत्रो की मानें तो अगले साल होने वाले चुनाव को देखते हुए बीजेपी अपने नाराज सीनियर नेताओं को इनमें एडजस्ट कर सकती है। हालांकि इसमें सिंधिया खेमे के कई दावेदारों के कारण पेंच फंसा हुआ है।
आदिवासी क्षेत्रों में सक्रिय संगठनों पर चर्चा
कोर ग्रुप की बैठक में आदिवासी क्षेत्रों में सक्रिय सामाजिक और राजनैतिक संगठनों को लेकर भी चर्चा होगी। बैठक में जयस के प्रति आदिवासी युवाओं का बढ़ते आकर्षण पर विचार मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही बैठक में आदिवासी क्षेत्रों में लगातार बढ़ते आंदोलन और प्रदर्शनों को लेकर भी चर्चा होगी।
