CM ने पूछा कौन-कौन मुख्यमंत्री बनना चाहता है, मंच पर बैठे मंत्री परमार और सिलावट ने ऊंचे कर दिए हाथ
इंदौर. इंदौर के अहिल्याश्रम स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर के 5 सहित प्रदेश के 69 सीएम राइज स्कूलों के नए भवनों का वर्चुअल भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से जमकर पढ़ाई करने और खूब खेलने की बात कही। शिवराज ने बच्चों से करियर ओरिएंटेड बनने को कहा, साथ ही अपने जुदा अंदाज में बच्चों से जाना कि वे क्या बनना चाहते हैं। उन्होंने बच्चों से यह भी पूछा कि कौन-कौन है जो मुख्यमंत्री बनना चाहता है। जवाब में बच्चों ने फटाफट हाथ ऊपर कर दिए। इस दौरान ऐसा जोशीला माहौल बना कि स्कूली शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार भी खुद को नहीं रोक सके और उन्होंने भी अपने हाथ उठा लिए। उन्हें देख मंत्री सिलावट ने भी अपना एक हाथ उठा लिया। कार्यक्रम के अलावा राजनीतिक हलकों में भी इस दृश्य की काफी चर्चा रही।
शिवराज ने हर प्रोफेशन का नाम लेकर बच्चों की राय जानी
मुख्यमंत्री ने अपने जोशीले अंदाज में पूछा- अच्छा बताओ डॉक्टर कौन-कौन बनना चाहता है तो कुछ बच्चों ने हाथ उठाए। फिर पूछा इंजीनियर कौन-कौन बनना चाहता है तो अन्य बच्चों ने हाथ उठाए। मुख्यमंत्री ने पूछा साइंटिस्ट कौन-कौन बनना चाहता है, तो फिर कुछ बच्चों ने हाथ उठाए, लॉ कॉलेज में कौन पढ़ना चाहता है तो कई हाथ उठे।
सीएम के सवाल पर परमार ने दोनों हाथ उठा लिए
इसी कड़ी में जब शिवराज ने पूछा कि अच्छा बताओ मुख्यमंत्री कौन-कौन बनना चाहता है, तो भी कई बच्चों ने हाथ उठाए। यह देख मंच पर बैठे स्कूली शिक्षा मंदिर इंदरसिंह परमार ने भी अपने दोनों हाथ उठा दिए। वहीं इसी दौरान जमकर हंस रहे मंत्री तुलसी सिलावट ने भी अपना हाथ उठाया तो मंत्री परमार ने उनके हाथ को और ऊंचा कर दिया। ये देख मंच पर बैठे सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित मंचासीन सभी नेता हंस दिए।
