कई इलाकों में होने लगी साफ पानी की आपूर्ति, 2 नवंबर तक करना होगा सुधार

ग्वालियर. नगर निगम के वाटर फिल्ट्रेशन प्लांटों से अब शहर के इलाकों में होने वाले मटमैले पानी की आपूर्ति में कमी आई है। सिर्फ कुछ चुनिंदा इलाकों में अमृत योजना के तहत डाली गई लाइन के डीएमए का मिलान नहीं होने के कारण अब भी मटमैला पानी आ रहा है। अब आगामी दो नवंबर तक अमृत योजना के तहत कराए गए कार्यों में डीएमए का मिलान किया जाना है। यह समय सीमा पिछले दिनों हुई बैठक में महापौर शोभा सिकरवार, सभापति मनोज तोमर और विधायक डा. सतीश सिंह सिकरवार ने निगम अफसरों को दी थी। आगामी दो नवंबर को वे अधिकारियों के साथ निरीक्षण भी करेंगे।

पिछले दिनों महापौर व सभापति ने अमृत योजना फेस 1 के तहत किए गए विकास कार्यों की समीक्षा की थी। इस दौरान यह मुद्दा सामने आया था कि कई इलाकों में पूरे प्रेशर से पानी नहीं मिल रहा है। इसके अलावा टंकियां पूरी नहीं भरी जा रही हैं और डीएमए के तहत मिलान नहीं होने के कारण घरों में गंदा पानी आ रहा है। जिन टंकियों से लाइनें डाली जा चुकी हैं तथा पेयजल सप्लाई प्रारंभ कर दी गई है, उसमें कहीं-कहीं कनेक्शन छूट गए हैं या अन्य कोई भी छोटे-छोटे कार्य रह गए हैं, उनको 15 दिवस के अंदर पूरा किया जाए। इसी बीच हुई वर्षा के चलते तिघरा से भी गंदे पानी की आपूर्ति शहर में होने लगी। हालांकि अभी यह समस्या काफी हद तक काबू में आ चुकी है और सिर्फ उन्हीं इलाकों में ज्यादा दिक्कतें हैं जहां डीएमए का मिलान नहीं हुआ है। इसके चलते अब अमृत योजना के अधिकारियों को आगामी दो नवंबर तक यह काम पूरा करना होगा, क्योंकि तय समय सीमा के मुताबिक दो नवंबर को सभी जनप्रतिनिधि मौके पर जाकर इन कार्यों का निरीक्षण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *