शहर में दिवाली का कचरा 1 हजार टन, बुधवार को उठा 650 टन
ग्वालियर. शहर के घरों से दीवाली की सफाई में करीब 1 हजार टन कचरा निकलकर सड़कों पर आया है। दीवाली के एक दिन पहले तक जमा हुए इस कचरे को हटाने में नगर निगम की लापरवाही सामने आई और स्वच्छता के त्यौहार दीवाली पर भी सड़कों पर कचरा जमा रहा। इसको हटाने के लिए मंगलवार और बुधवार नगर निगम ने अभियान चलाने का दावा किया लेकिन पहले और दूसरे दिन को मिलाकर 650 टन कचरा ही उठ सका है। निगम अधिकारियों के अनुसार अभी भी 250 टन कचरा उठना बाकी है। जबकि शहर के लोगों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारियों की उदासीनता की वजह से गलियों से कचरा नहीं उठाया गया है अधिकारी अभी सिर्फ मुख्य जगहोंं पर ही फोकस कर रहे हैं। यह स्थिति तब है जबकि मंगलवार को महापौर और सांसद ने आगे आकर महाराजबाड़े पर सफाई अभियान चलाकर चार टन कचरा लैंडफिल साइट पर भिजवाया था।
कचरा प्रबंधन के लिए जारी मशक्कत को देखने के लिए निगमायुक्त किशोर कान्याल और एडिशनल कमिश्रर अतेन्द्र ङ्क्षसह गुर्जर ने तीनों उपनगरों का दौरा किया। दोनों अधिकारी मुरार के सात नंबर चौराहा, मेला ग्राउंड, आकाशवाणी चौराहा, सिटीसेन्टर, पटेल नगर, राजमाता चौराहा, अचलेश्वर महादेव मंदिर, इंदरगंज चौराहा, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, राम मंदिर, जयेंद्र गंज, नदी गेट, फूलबाग, रेल्वे स्टेशन, बस स्टैंड, न्यू हाईकोर्ट और कलेक्ट्रेट सहित अन्य जगहों पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने काम कर रहे सफाई कर्मियों को शुभकामनाएं दीं।
इन क्षेत्रों में अभी भी कचरा
शहर के गैंडे वाली सड़क, जीवाजी गंज, सेवा नगर, हजीरा, घासमंडी, नूरगंज, घासमंडी, विकास नगर, तुलसी विहार, भीमनगर, कुम्हरपुरा, दपर्ण कॉलोनी, तारागंज, जनकपुरी, समाधिया कॉलोनी, लाला का बाजार, सालूपुरा, नयापुरा, गिरवाई क्षेत्र, खुरैरी सहित अनेक स्थानों से बुधवार को भी कचरा नहीं उठाया गया।
