क्लोरीन गैस टैंक लीक, लोग घरों से निकले, लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने की समस्या

भोपाल. भोपाल की मदर इंडिया कॉलोनी में बुधवार रात क्लोरीन गैस टैंक लीक हो गया। इससे गैस फैलने से हड़कंप मच गया। बस्ती में रहने वाले लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इससे लोग घरों से बाहर निकल गए। एक महिला समेत 3 लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। करीब तीन घंटे से लोग घरों से बाहर हैं।

ईदगाह हिल्स स्थित नगर निगम का पानी का फिल्टर प्लांट है। यहां क्लोरीन गैस टैंक भी है। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि शाम 6 बजे बाद लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इसके बाद लोग घरों से बाहर निकल गए। एक बुजुर्ग महिला लक्ष्मी को ज्यादा तकलीफ हुई। पानी में क्लोरीन की मात्रा ज्यादा होने से वहां गैस फैलने लगी। इसके बाद उन्हें हमीदिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। तीन लोग हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी में पहुंचे थे, जिन्हें मेडिकल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। नगर निगम के कमिश्नर केवीएस चौधरी कोलसानी ने बताया कि पानी में क्लोरीन की मात्रा ज्यादा हो गई थी। अब स्थिति कंट्रोल में है। ज्यादा परेशानी नहीं है। निगम अमला स्थिति को संभाले हुए हैं।

मेन रोड पर आ गए लोग
गैस फैलने से पूरी बस्ती खाली हो गई। बड़ी संख्या में लोग मेन रोड पर आ गए। एसडीएम मनोज उपाध्याय, तहसीलदार समेत शाहजहांनाबाद थाने का स्टॉफ भी मौके पर पहुंचा। हालांकि रात 9 बजे बाद असर कम होने लगा। रहवासी आसिफ अली ने बताया कि शाम 6 बजे बाद ज्यादा दिक्कतें हुईं। इससे लोग घरों से बाहर निकल गए। कय्यूम पठान ने बताया कि पानी में क्लोरीन की मात्रा ज्यादा हो गई थी। पानी ओवरफ्लो होकर बस्ती में जा रहा था। इससे लोगों की आंखों में जलन होने लगी और कुछ बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कतें हुईं। टीम ने काम शुरू किया। इसके बाद मामला संभल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *