GWALIOR में दीवाली पर दीपकों की रोशनी से हर घर हुआ रोशन,खूब चले प्रतिबंधित पटाखे

ग्वालियर. जैसे ही शाम को साढ़े छह बजे से लक्ष्मीपूजन का मुहूर्त शुरू हुआ और पूजा हाेने लगी। पूजन के बाद पूरा शहर दीपकों की रोशनी से नहाने लगा। कोरोना काल के बाद यह दीवाली ऐसी थी कि जिसमें किसी तरह की बंदिश नहीं थी। इसलिए लोगों में अधिक जोश था। पहले मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना हर घर में हुई और घरों को दीपकों से रोशन किया गया। इसके बाद लोगों ने इस बार जमकर पटाखे व आतिशबाजी चलाई। जिसकी छटा आसमान में दिखाई दी। सोमवार रात शहर के आकाश में रंग बिरंगी रोशनी की आतिशबाजी और पटाखों के शोर ने बता दिया कि इस बार दीपावली पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने बड़े व शोर वाले पटाखों पर रोक लगाई थी इसलिए शोर वाले पटाखे कम ही चले हैं। कार्तिक कृष्णपक्ष अमावस्या के दिन दीपावली श्री महालक्ष्मी पूजा एवं दीपोत्सव मनाया जाता है। इस वर्ष दीपावली पर अमावस्या तिथि का प्रारंभ आज सोमवार से हो गया था। यह तिथि देर रात 2.44 बजे तक रही। शाम 6.30 बजे से 8 बजे तक घर-घर श्रीमहा लक्ष्मी का पूजन हुआ और दीप जलाए गए।

खूब चले प्रतिबंधित पटाखे
बेशक शहर में पटाखे चलाने पर प्रतिबंध था लेकिन फिर भी लोगों ने जमकर पटाखे फोड़े। ग्वालियर में केवल ग्रीन पटाखों को चलाने की अनुमति दी गई थी। लेकिन न केवल प्रतिबंधि पटाखे बिके, बल्कि लाेगों ने प्रतिबंधित पटाखे खूब चलाए भी। इस वजह से ग्वालियर का एक्यूआई भी खूब बढ़ गया।

हर घर हुआ रोशन
सोमवार को दीपावली पर रात 8 बजे घर-घर में लक्ष्मी माता का पूजन हुआ। घरों के बाहर दीप जलाए गए और आकर्षक रोशनी से गली मोहल्ले दमकते रहे। इसके बाद बच्चाें और बड़ों ने आतिशबाजी कर दीपावली का जश्न मनाया। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।दीपावली पर आतिशबाजी का चलन है। सुप्रीम कोर्ट ने तेज आवाज व धमाके वाले पटाखों पर प्रतिबंध लगाया था। इसलिए सोमवार को शहर के आकाश में रोशनी वाले पटाखे ज्यादा दिखाई दिए। तेज धमाके वाले पटाखे चले, लेकिन उनकी संख्या कम थी। रंग बिरंगी रोशनी की आतिशबाजी से आसमान रोशन रहा।

सुरक्षा के लिए पुलिस भी थी तैनात
लोग सुकून से दीपावली का त्योहार मना सके इसके लिए पुलिस भी अपने स्तर पर सतर्क रही। शहर में 500 अतिरिक्त जवान लगाए गए थे। साथ ही थाना बल भी अलर्ट था। पुलिस की मोबाइल लगातार इलाकों में गश्त करते हुए नजर आ रही थीं। जिससे असामाजिक तत्व किसी को अपना शिकार न बना सकें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *