GWALIOR में 58 साल के टीचर की करतूतों से 4 छात्राओं ने स्कूल छोड़ा, टीचर बर्खास्त

ग्वालियर. ग्वालियर में 58 साल के टीचर का छात्राओं से शर्मनाक हरकतें करने का मामला सामने आया है। वह स्कूल में पढ़ने वाली बच्चियों से गलत हरकतें करता था। पढ़ाते समय वह उनके कपड़ों में हाथ डालकर गलत तरीके से छूता था। टीचर की हरकत से डरीं चार छात्राओं ने स्कूल जाना छोड़ दिया, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। परिजनों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया। उधर, कलेक्टर ने टीचर को बर्खास्त कर दिया है।

आक्रोशित परिजन स्कूल पहुंचे तो टीचर फरार
मामला शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर उटीला थाना स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय आरौली का है। आरोपी टीचर मुंशीलाल माहौर (58) छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और गंदी हरकतें करता था। टीचर की हरकतों से परेशान 8 से 9 साल की चार छात्राओं ने स्कूल आना छोड़ दिया। परिवारवाले जब उन्हें जबरन स्कूल भेजते तो वे रोने लगतीं। इस पर उन्होंने बच्चियों से प्यार से पूछताछ की तो टीचर की हरकतों का पता चला। इस पर आक्रोशित परिजन स्कूल पहुंचे तो टीचर फरार हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने टीचर के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

कलेक्टर ने टीचर को किया नौकरी से बर्खास्त
घटना का पता चलते ही कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने आरोपी शिक्षक मुंशीलाल माहौर को तत्काल प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। साथ ही शिक्षा विभाग को भी आदेश जारी कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *