मुरैना में खुलेआम बिक रहा जहरीला दूध
मुरैना. मुरैना के कैलारस में चिलर प्लान्ट से लेकर साधारण डेयरियों तक में जहरीला मिलावटी दूध बेचा जा रहा है। इस दूध की क्रीम निकालकर पहले सप्रेटा दूध बनाया जाता है और फिर उसमें आरएम केमीकल, रिफाइंड व ग्लूकोज, माल्टोन पाउडर यहा तक कि डिटरर्जेंट तक मिलाकर बेचा जा रहा है। आरएम केमीकल खुलेआम दुकानों पर मिल रहा है जिसे कोई भी आसानी से खरीद सकता है। इस मामले में पड़ताल की तो मौके पर कैलारस थाना पुलिस की मिलीभगत भी सामने आई है।
आरएम केमीकल खुलेआम बेचा जा रहा
बता दें, कि कैलारस में आधा दर्जन से अधिक चिलर प्लान्ट हैं तथा डेयरियों की संख्या आधा सैकड़ा से अधिक है। चिलर प्लान्ट से लेकर डेयरियों तक में जहरीला दूध बनाया जा रहा है। जब पड़ताल की तो जो हकीकत सामने आई वह चौकाने वाली है। यहां आरएम केमीकल खुलेआम बेचा जा रहा है। कैलारस नगर पालिका के सामने मौजूद अशोक वाटिका कॉलोनी में आरएम केमीकल की दुकानें हैं जहां नीले ड्रमों में आरएम केमीकल भरा रहता है। अशोक वाटिका कॉलोनी में कुछ दुकानें दूध से बनाए जाने वाले फट्टा की भी हैं लेकिन उसकी आढ़ में इनके द्वारा केमीकल बेचा जा रहा है। कैलारस नगर पालिका के ठीक सामने अशोक वाटिका कॉलोनी में देखा कि वहां नीले ड्रम दुकानों में भरे हैं। उन ड्रमों में आरएम केमीकल था। थोड़ी देर पार कैलारस थो की पुलिस की गाड़ी वहां पहुंची लेकिन साथ में न तो संबंधित क्षेत्र की खाद्य विभाग की अधिकारी किरन सेंगर साथ थी और न ही ड्रग इन्सपेक्टर। केवल दीवान व सिपाही मौजूद थे। वे लोग उतर कर दुकानदारों से बातचीत करने लगे। उनकी बातचीत संदिग्ध थी जो कानूनी संबंधित नहीं थी।
दुकानदारों ने बंद किए शटर
अशोक वाटिका कॉलोनी में केमीकल की आधा दर्जन के करीब दुकानें है। जैसे ही पुलिस की गाड़ी आई सभी अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए और दुकान के बाहर बैठ गए।
दुकानों के सामने सूख रहा था फट्टा
अशोक वाटिका कॉलोनी की कुछ दुकानों के सामने जमीन पर फट्टा सुखाया जा रहा था। यह फट्टा दूध को सुखाकर बनाया जाता है। तकनीकी भाषा में इस फट्टे को केसीन यानि मिल्क प्रोटीन बोलते हैं। जिसका दो जगह उपयोग किया जाता है। एक तरफ तो इसका खाने में उपयोग होता है तथा दूसरा इसका औद्योगिक क्षेत्र में पेन्ट व गोंद बनाने में उपयोग किया जाता है। पेन्ट बनाने वाला केसीन यानि फट्टे की सबसे अधिक सप्लाई आगरा में की जाती है।
