Latestराज्यराष्ट्रीय

ग्वालियर में सुबह से महाराज बाड़े पर भीड़, रांग साइड ट्रैफिक से जाम लगने लगा

ग्वालियर. रविवार सुबह से महाराज बाड़े पर लोग पहुंचना शुरू हो गए हैं। बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। क्योंकि धनतेरस के चलते रविवार को भी लोग बर्तन, सोना-चांदी के गहने खरीदने पहुंच रहे हैं। वही लोग दीपावली पूजन और सजावट का सामान खरीदने पहुंच रहे हैं। महाराज बाड़े पर तो स्टापर लगाकर ट्रैफिक व्यवस्थित करने की कोशिश ट्रैफिक पुलिस ने की है, लेकिन दौलतगंज में सुबह से जाम के हालात बन रहे हैं। इसकी वजह है- यहां रांग साइड से ट्रैफिक आ रहा है। इससे गाड़ियां फंस रही हैं।

इस बार धनतेरस दो दिन मनाई जा रही है। शनिवार शाम से त्रयोदशी तिथि प्रारंभ हुई, जो रविवार शाम तक रहेगी। इसके बाद चतुर्दशी तिथि लगेगी। धनतेरस पर बर्तन और साेना चांदी के गहने, प्रतिमाएं, सिक्के खरीदना शुभ माना जाता है। इसके चलते शनिवार को महाराज बाड़ा से सराफा बाजार तक जमकर भीड़ रही। लोगों ने जमकर खरीदारी की। रात को तो चार पहिया और दो पहिया वाहनों का आवागमन तक रोकना पड़ा। रविवार सुबह से भी बाजारों में भीड़ पहुंच रही है। माधोगंज से स्काउट गाइड, सराफा बाजार, दौलतगंज, सराफा बाजार में लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। सुबह 10 बजे से ही सराफा बाजार में लोग बर्तन, गहने खरीदने के लिए पहुंचे। दिनभर यहां भीड़ रहेगी। इसके अलावा महाराज बाड़ा से दौलतगंज, गांधी गोलंबर, चावड़ी बाजार, माधोगंज में पूजन और सजावट का सामान खरीदने वालों की भीड़ हो रही है। दौलतगंज में महाराज बाड़े से रांग साइड ट्रैफिक आ रहा है। इस कारण यहां जाम लग रहा है। यहां ट्रैफिक पाइंट भी नहीं लगाया गया है, इसके चलते सुबह से ही यहां जाम लगने लगा। उधर सराफा बाजार से भी रांग साइड ट्रैफिक निकल रहा है, क्योंकि भीड़ तो बढ़ गई यहां ट्रैफिक पाइंट नहीं लगाए गए। इस वजह से यहां जाम लग रहा है। सवारी वाहन भी सुबह यहां आ रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *